आज निकलेगी भव्य निशान एवं कलश यात्रा, नगर भ्रमण के साथ होगा श्याम भक्तों का महासंगम

Revanchal
2 Min Read

राम मंदिर शुक्रवारी से श्याम मंदिर ऑरेंज सिटी कॉलोनी तक निकलेगी यात्रा, रात में होगी भव्य भजन संध्या

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी– श्री श्याम परिवार समिति सिवनी द्वारा आयोजित श्री श्याम बाबा एवं शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार 16 जून 2026 को विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि दिनभर पूजन-अर्चन, हवन, कलश एवं निशान यात्रा तथा भजन संध्या जैसे आयोजन संपन्न होंगे।

प्रातः गणेश-गौरी पूजन से होगा शुभारंभ

महोत्सव का शुभारंभ प्रातः 8 बजे गणेश-गौरी पूजन से होगा। इसके पश्चात सुबह 10 बजे अन्नाधिवास, 11 बजे फलाधिवास एवं दोपहर 2 बजे हवन पूजन का आयोजन किया जाएगा।

नगर भ्रमण के साथ निकलेगी भव्य कलश एवं निशान यात्रा

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दोपहर 4 बजे निकलने वाली भव्य कलश एवं निशान यात्रा रहेगी। यह यात्रा श्रीराम मंदिर शुक्रवारी से प्रारंभ होकर श्री श्याम मंदिर, ऑरेंज सिटी कॉलोनी, नागपुर रोड तक पहुंचेगी। यात्रा में बाबा श्याम की आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे, डीजे, ढोल एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

भजन संध्या में गूंजेगा श्याम नाम

सायं 6:30 बजे रेशमाधिवास का आयोजन होगा, वहीं रात्रि 7 बजे से भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक बंटू भैया जी (नजफगढ़, दिल्ली) एवं श्याम शुभम जी (नागपुर) अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।

11 भाग्यशाली श्रद्धालुओं को मिलेगा ‘बाबा का खजाना’

कार्यक्रम स्थल पर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार, भव्य दरबार और विशेष श्याम रसोई की व्यवस्था भी रहेगी। समिति द्वारा विशेष आकर्षण के रूप में “बाबा का खजाना” रखा गया है, जिसके अंतर्गत निशान एवं कलश यात्रा में शामिल 11 भाग्यशाली श्रद्धालुओं को इनामी कूपन के माध्यम से विशेष उपहार प्रदान किए जाएंगे।

श्री श्याम परिवार समिति ने समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »