
वाहन जब्त थाना देहात पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, 185 MV एक्ट के तहत कार्रवाई
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
शहर की सड़कों पर बेलगाम और नशे में वाहन दौड़ाने वाले चालकों के खिलाफ थाना देहात पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। 22 जून 2026 को रोड पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वी.आई.पी. रोड पर एक बड़े हादसे को होने से पहले ही टाल दिया। पुलिस ने शराब के नशे में धुत होकर खतरनाक तरीके से ट्रक चला रहे एक ड्राइवर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उसका ट्रक जब्त कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, देहात थाना पुलिस की टीम जब वी.आई.पी रोड पर गश्त (पेट्रोलिंग) कर रही थी, तभी उन्हें एक ट्रक (क्रमांक एम एच 40 ऐ के 5844) बेहद लापरवाही और लहराते हुए आता दिखाई दिया। व्यस्त मार्ग होने के कारण कोई भी गंभीर दुर्घटना घटित हो सकती थी और राहगीरों की जान को बड़ा खतरा बना हुआ था।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर ही ट्रक को रुकवाया। जब पुलिस स्टाफ ने चालक से पूछताछ की, तो वह पूरी तरह शराब के नशे में धुत मिला।
मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि पुलिस टीम द्वारा संदेही ट्रक ड्राइवर को तुरंत जिला अस्पताल छिंदवाड़ा ले जाया गया, जहाँ उसका डॉक्टरी मुलाहिजा कराया गया। डॉक्टरों ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से चालक के अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि की।
कानूनी शिकंजा, ट्रक जब्त, कोर्ट में पेशी
शराब पीकर सार्वजनिक सड़क पर दूसरों की जान जोखिम में डालने के अपराध में पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया
वाहन की जब्ती, ट्रक को मौके पर ही विधिवत जब्त कर लिया गया।
कड़ी धारा में केस, वाहन चालक के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत इस्तगाशा मामला तैयार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
सड़क पर यमदूत बने इस शराबी ड्राइवर को पकड़ने और इस प्रभावी कार्यवाही को अंजाम देने में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत एवं उनके थाना देहात स्टाफ की सराहनीय और मुख्य भूमिका रही।
देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने आम जनता से अपील की है कि वे ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ से बचें, क्योंकि पुलिस की यह सख्त चेकिंग आगे भी लगातार जारी रहेगी।
