रेवांचल टाइम्स मंडला – घुघरी तहसील मुख्यालय घुघरी में इन दिनों बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि विद्युत विभाग द्वारा आए दिन मेंटनेंस का हवाला देकर घंटों बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और उमस के बीच बार-बार बिजली कटौती से व्यापार, विद्यार्थियों की पढ़ाई और घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मेंटनेंस के नाम पर नियमित रूप से बिजली बंद की जाती है, लेकिन इसके बावजूद बिजली व्यवस्था में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं देता।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि तहसील मुख्यालय में पदस्थ जेई चेतराम बैगा से संपर्क करना आसान नहीं है। उनका कहना है कि शिकायत के दौरान कई बार फोन नहीं उठाया जाता और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होता। हालांकि,
क्षेत्रवासियों का सवाल है कि यदि लगातार मेंटनेंस किया जा रहा है तो फिर बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित क्यों हो रही है? क्या मेंटनेंस केवल औपचारिकता बनकर रह गया है, या व्यवस्था में कहीं गंभीर खामियां हैं?
क्षेत्र की प्रमुख मांगें:
अनावश्यक बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगे।
मेंटनेंस कार्य की समय-सारिणी सार्वजनिक की जाए।
शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। यह मामला विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
