SECR ने तय की समय-सीमा रेल एक्टिविस्ट की बड़ी पहल
दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की बुनियादी समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे स्वतंत्र रेल नितिन सोलंकी की मुहिम रंग लाई है। मंडला फोर्ट (MFR) टर्मिनल स्टेशन पर रात के समय घंटों खड़ी रहने वाली ट्रेनों में साफ-सफाई और पानी न भरे जाने की गंभीर समस्या का दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने आखिरकार संज्ञान ले लिया है। रेलवे ने आधिकारिक तौर पर इस व्यवस्था को सुधारने के लिए हरी झंडी दे दी है।

क्या थी समस्या?
रेल कार्यकर्ता ने जनहित की याचिका से प्रधानमंत्री कार्यालय और रेलवे बोर्ड को शिकायत भेजी थी। उन्होंने अवगत कराया था कि वर्तमान समय सारणी के अनुसार, जबलपुर/नैनपुर की ओर से आने वाली पैसेंजर ट्रेन रात लगभग 12:00 बजे मंडला फोर्ट स्टेशन पर आकर खड़ी हो जाती है और अगले दिन सुबह 05:10 AM पर मंडला फोर्ट-जबलपुर पैसेंजर (51704) के रूप में रवाना होती है।
यह रैक पूरे 5 घंटे तक मंडला फोर्ट स्टेशन पर निष्क्रिय (Idle) खड़ा रहता है, लेकिन इसमें पानी भरने और सफाई की व्यवस्था नैनपुर जंक्शन पर की जाती है। नैनपुर में पानी भरने के बाद, ट्रेन के मंडला आने, रात भर खड़े रहने और सुबह रवाना होने के बीच लंबा समय बीत जाता है। इस वजह से सुबह यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, वृद्धों और बच्चों को कोचों के शौचालयों में पानी की भारी किल्लत और अस्वच्छता का सामना करना पड़ता था।
रेलवे का सकारात्मक फैसला और समय-सीमा तय
नितिन सोलंकी द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक उपायों (आउटसोर्सिंग/निजी अनुबंध और क्विक वाटरिंग सिस्टम) पर विचार करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के यांत्रिक (C&W) विभाग ने सकारात्मक रुख अपनाया है।
रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक आदेश (क्रमांक: यांत्रिक/के एंड वे/08/CPGRAMS/RPK/1309) के अनुसार:
“मंडला फोर्ट स्टेशन में सवारी गाड़ी की साफ-सफाई एवं पानी भरने संबंधी प्रस्तावित कार्य निजी अनुबंध (Private Contract) द्वारा 30.07.2026 तक प्रारंभ होने की संभावना है।”
जब तक यह नई व्यवस्था शुरू नहीं होती, तब तक वैकल्पिक रूप से इन ट्रेनों की साफ-सफाई और पानी भरने का कार्य नैनपुर में यांत्रिक विभाग द्वारा कराया जाता रहेगा।
इस फैसले से कैसे बदलेगी मंडला की तस्वीर?
1️⃣ पेंचवेली एक्सप्रेस का मंडला तक विस्तार अब तय!
पिछले 9 महीनों से इंदौर से केवलारी होकर नैनपुर जाने वाली पेंचवेली एक्सप्रेस का खाली रैक रोजाना केवलारी रूट से ही मंडला फोर्ट आकर खड़ा रहता है। अब मंडला में सफाई और पानी की व्यवस्था चालू होते ही इसका मंडला फोर्ट तक व्यावसायिक विस्तार होना तय है, जिससे केवलारी और मंडला के यात्रियों को सीधे इंदौर और भोपाल की कनेक्टिविटी मिलेगी।
2️⃣ पातालकोट एक्सप्रेस से दिल्ली का रास्ता साफ!
वर्तमान में सिवनी तक चल रही पातालकोट एक्सप्रेस को मंडला फोर्ट तक बढ़ाने की मांग को अब मजबूत तकनीकी आधार मिल गया है। इस विस्तार से हमारा पूरा अंचल सीधे देश की राजधानी दिल्ली से जुड़ जाएगा।
3️⃣ नागपुर-मंडला नई ट्रेन की जगी बड़ी उम्मीद!
चूंकि नागपुर मंडल खुद मंडला फोर्ट में यह व्यवस्था कर रहा है, इसलिए केवलारी-नैनपुर रूट से होकर नागपुर और मंडला के बीच नई सीधी ट्रेनों की शुरुआत करना बेहद आसान हो जाएगा।
🙏 रेल प्रशासन का सहृदय धन्यवाद:
एक छोटे से निवेदन को गंभीरता से लेने और इस आदिवासी बाहुल्य आंचल के नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने के लिए माननीय प्रधान मंत्री एवं रेल मंत्री जी एवं रेलवे प्रशासन का सहृदय आभार और बधाई! विकास की यह गाड़ी अब रुकने वाली नहीं है।
यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
30 जुलाई तक निजी अनुबंध के तहत नाइट क्लीनिंग (साफ-सफाई) और वाटरिंग पॉइंट की व्यवस्था शुरू होने से सुबह के वक्त सफर करने वाले हजारों यात्रियों को साफ-सुथरी ट्रेन और कोचों में पर्याप्त पानी की सुविधा मिलेगी। इस बड़ी प्रशासनिक सफलता पर क्षेत्र के रेल यात्रियों और नागरिकों स्वतंत्र रेल कार्यकर्ता ने प्रशाशन की सराहना की है
