बुजुर्गों के लिए खुशखबरी छिंदवाड़ा से 11 जुलाई को कामाख्या धाम के लिए रवाना होगी ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन स्पेशल ट्रेन’

Revanchal
2 Min Read

​196 श्रद्धालुओं की सूची तैयार; कलेक्टर ने दिए सुचारू व्यवस्था के कड़े निर्देश

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले के बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए एक बेहद हर्ष की खबर है। आगामी 11 जुलाई 2026 को कामाख्या तीर्थ स्थल असम के दर्शन के लिए छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन से एक विशेष ट्रेन प्रस्थान करेगी। इस पावन यात्रा को लेकर जिले के तीर्थ यात्रियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।


​डिप्टी कलेक्टर रमेश कुमार मेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि कामाख्या धाम की इस धार्मिक यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि स्पेशल ट्रेन की विस्तृत समय-सारणी की जानकारी जल्द ही पृथक से जारी कर दी जाएगी।


पारदर्शी ‘रैंडमाइजेशन’ से चुने गए 196 तीर्थ यात्री
​यात्रा के लिए प्राप्त आवेदनों में से पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीका अपनाते हुए ‘रेण्डेमाईजेशन’ लॉटरी प्रक्रिया की गई। इस प्रक्रिया के आधार पर कुल 196 मुख्य तीर्थ यात्रियों की चयन सूची और साथ ही प्रतीक्षा सूची वेटिंग लिस्ट तैयार कर अंतिम रूप दे दिया गया है।

​कलेक्टर ने दिए मुस्तैदी के निर्देश यात्रियों को न हो कोई असुविधा
​तीर्थ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और आरामदायक बनाने के लिए कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने खुद कमान संभाल ली है। उन्होंने नगर पालिक निगम के आयुक्त, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं।

अधिकारियों को सौंपी गई ये जिम्मेदारियां
​रेलवे स्टेशन पर बुजुर्ग यात्रियों की विदाई की गरिमामय व्यवस्था करना।
​यात्रियों की सहायता, बैठक व्यवस्था और पानी आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना।
​सभी आवश्यक बुनियादी प्रबंध समय रहते पूरे करना ताकि किसी भी बुजुर्ग को असुविधा न हो।

👁️ 5 views Views
Share This Article
Translate »