घुघरी की मुख्य सड़क बनी ‘तालाब’, विकास के दावों की खुली पोल!

Revanchal
3 Min Read

जलनिकासी के अभाव में व्यापार ठप, राहगीरों की जान जोखिम में

दैनिक रेवांचल टाइम्स घुघरी (मंडला)
बरसात की पहली तेज बारिश ने एक बार फिर घुघरी तहसील मुख्यालय के विकास कार्यों की हकीकत उजागर कर दी है। घुघरी–बिछिया मुख्य सड़क पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क कई फीट तक पानी में डूब गई। हालात ऐसे बन गए कि सड़क कम और तालाब ज्यादा नजर आने लगी। राहगीरों, वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है। हर वर्ष बारिश आते ही यही दृश्य देखने को मिलता है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से स्थायी समाधान के बजाय केवल आश्वासनों की बारिश होती है। करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के दावों के बीच तहसील मुख्यालय की सबसे महत्वपूर्ण सड़क का यह हाल कई सवाल खड़े करता है।

सड़क पर जमा पानी के कारण दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा लगातार बना हुआ है। पैदल चलने वाले लोग भी जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। दूसरी ओर सड़क किनारे स्थित दुकानों तक ग्राहकों की पहुंच प्रभावित होने से व्यापारियों का कारोबार भी ठप पड़ने लगा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब यह मार्ग घुघरी की प्रमुख सड़क है, तब वर्षों बाद भी यहां पक्की नालियों और प्रभावी जलनिकासी की व्यवस्था क्यों नहीं हो सकी? यदि समय रहते नाली निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कर दी जाती, तो आज नागरिकों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

घुघरी मुख्य सड़क मार्ग को देख कर ऐसा प्रतीत होता है कि संबंधित विभाग ने जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान खोजने के बजाय उसे हर साल बारिश के भरोसे छोड़ दिया है। कागजों में विकास की इबारत लिखी जाती रही, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि सड़कें बारिश में तालाब और योजनाएं फाइलों में ही बहती नजर आती हैं। सवाल यह भी है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेंगे, या फिर इस बार जनता की परेशानी को गंभीरता से लिया जाएगा?

जनता की मांग:
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन, लोक निर्माण विभाग एवं ग्राम पंचायत से मांग की है कि घुघरी–बिछिया मुख्य मार्ग पर तत्काल पक्की नालियों का निर्माण कराया जाए, स्थायी जलनिकासी व्यवस्था विकसित की जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर लोगों को राहत दिलाई जाए।

बड़े सवाल..?

हर वर्ष बारिश में घुघरी की मुख्य सड़क तालाब क्यों बन जाती है?

जलनिकासी और नाली निर्माण की जिम्मेदारी आखिर किस विभाग की है?

विकास कार्यों पर खर्च होने वाले करोड़ों रुपये का लाभ जनता को कब मिलेगा?

क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई करेगा, या इस बार समय रहते समाधान होगा?

👁️ 106 views Views
Share This Article
Translate »