​छिंदवाड़ा में शनि शिंगणापुर जैसा नजारा 13 साल बाद बने विशेष संयोग पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Revanchal
4
3 Min Read

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा

स्थानीय श्री पंचमुखी हनुमान शनि जन कल्याण समिति के तत्वावधान में इस वर्ष शनि जन्मोत्सव और शनिचरी अमावस्या का पर्व ऐतिहासिक और भव्य रूप से संपन्न हुआ। पूरे 13 वर्षों के बाद शनिवार के विशेष संयोग पर आयोजित इस महाअनुष्ठान ने श्रद्धालुओं को भक्ति-रस से सराबोर कर दिया। प्रसिद्ध तीर्थ ‘शनि शिंगणापुर’ की तर्ज पर हुए इस आयोजन में छिंदवाड़ा में ही शिंगणापुर जैसा आध्यात्मिक माहौल नजर आया।

​ड्रेस कोड में सजे भक्त, मध्यरात्रि गूंजे जयकारे
​इस भव्य कार्यक्रम की मुख्य विशेषता शनिवार की मध्यरात्रि को आयोजित हुआ महाअनुष्ठान रहा। रात ठीक 12:30 बजे से शुरू होकर तड़के 2:30 बजे तक चले इस दिव्य महाभिषेक में एक अनोखा और अनुशासित दृश्य देखने को मिला। समिति के कड़े नियमों का पालन करते हुए सभी पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक ड्रेस कोड (सफेद रंग की लूंगी और धोती) में नजर आए। ब्रह्म मुहूर्त में श्री शनि महाराज की दिव्य प्रतिमा का पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया गया, जिससे पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।

​क्या आम, क्या खास
एक पंगत में बैठे सभी
​इससे पूर्व, शाम ठीक 7:00 बजे शनि महाराज की भव्य महाआरती उतारी गई, जिसमें सैकड़ों दीपों की रोशनी से मंदिर प्रांगण जगमगा उठा। आरती के उपरांत विशाल महाभोग (भंडारे) का आयोजन किया गया। भारतीय संस्कृति और समरसता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए सभी श्रद्धालुओं को जमीन पर आदरपूर्वक बिठाकर महाप्रसाद परोसा गया। इस दौरान समाज का हर वर्ग क्या आम और क्या खास सभी भेद मिटाकर एक ही कतार में महाप्रसाद ग्रहण करता नजर आया।

​टूटे पिछले सारे रिकॉर्ड, प्रबंधन रहा चाक-चौबंद
​समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार साहू के कुशल निर्देशन और सटीक प्लानिंग के चलते पूरा कार्यक्रम बेहद अनुशासित रहा। पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिसने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस अपार जनसमुदाय के बावजूद समिति के सेवादारों की मुस्तैदी से व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद और सुचारू बनी रही।

​समिति ने जताया आभार
​समिति के मीडिया प्रभारी जितेन्द्र अलबेला ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि शनि जन्मोत्सव का यह स्वरूप अद्भुत और ऐतिहासिक रहा। समिति परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी धर्मप्रेमी जनता, श्रद्धालुओं, सेवादारों और पत्रकार बंधुओं का सहृदय आभार व्यक्त किया है।

Share This Article
Translate »