अभिषेक शर्मा बने मध्य प्रदेश पंचायत सचिव संगठन के जिला अध्यक्ष, सर्वसम्मति से हुआ निर्विरोध चयन

Revanchal
4 Min Read

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला मध्य प्रदेश पंचायत सचिव संगठन जिला मंडला को नया नेतृत्व मिल गया है। संगठन की जिला स्तरीय बैठक में पंचायत सचिवों की सर्वसम्मति से अभिषेक शर्मा को जिला अध्यक्ष तथा शैलेंद्र चंद्रोल को जिला उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुना गया। इस चयन के साथ ही संगठन में उत्साह का माहौल देखने को मिला और पदाधिकारियों ने नए नेतृत्व से संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की उम्मीद जताई।


जिला मुख्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता संगठन के पूर्व जिला अध्यक्ष मनोहर मरावी ने की। बैठक में प्रदेश स्तर से नियुक्त पर्यवेक्षक एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री बाल किशन यादव, प्रदेश सह संयोजक माखन उईके, संभाग अध्यक्ष विजय यादव सहित जिले के विभिन्न विकासखंडों के ब्लॉक अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पंचायत सचिव शामिल हुए।


बैठक के दौरान संगठन की भावी कार्ययोजना, पंचायत सचिवों की समस्याओं तथा संगठन को सशक्त बनाने के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके बाद जिला अध्यक्ष और जिला उपाध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति से नाम प्रस्तावित किए गए। सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की सहमति से अभिषेक शर्मा को जिला अध्यक्ष तथा शैलेंद्र चंद्रोल को जिला उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। दोनों पदों पर निर्विरोध चयन होने पर बैठक में उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।


इस अवसर पर नैनपुर ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर, मंडला ब्लॉक अध्यक्ष परसराम ठाकुर, बीजाडांडी ब्लॉक अध्यक्ष प्यारे परते, निवास ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण पिटानिया, मवई के प्रतिनिधि, मोहगांव के पदाधिकारी तथा नारायणगंज सहित जिले के सभी विकासखंडों के पंचायत सचिव उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की एकजुटता को बनाए रखने और पंचायत सचिवों के हितों के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।


नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने अपने संबोधन में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों एवं सभी पंचायत सचिवों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास को वे पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। पंचायत सचिवों की लंबित समस्याओं, सेवा संबंधी मुद्दों और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन की ओर से प्रभावी पहल की जाएगी।


उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान और कार्य परिस्थितियों में सुधार आवश्यक है। संगठन शासन और प्रशासन के समक्ष पंचायत सचिवों के हितों से जुड़े विषयों को मजबूती के साथ उठाएगा तथा सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेगा।


बैठक में उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पंचायत सचिवों की आवाज को प्रभावी मंच मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष एवं जिला उपाध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की। संगठन के नए नेतृत्व से अब जिले के पंचायत सचिवों को अपनी समस्याओं के समाधान और संगठनात्मक मजबूती की नई उम्मीदें जुड़ गई हैं।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »