सांसद विवेक बंटी साहू के हाथों समिति को मिला सम्मान; 15 वर्षों तक बेटियों की शिक्षा और विवाह का जिम्मा उठाने पर मिली सराहना
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
“बेटी है तो कल है और बेटियों की शिक्षा का मतलब देश का विकास और परिवार की तरक्की है। इस मूलमंत्र को धरातल पर सच कर दिखाने वाली अमरवाड़ा की मशहूर परोपकारी संस्था ‘श्री नटनी माई क्षेत्रीय सेवा समिति’ को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए छिंदवाड़ा की जमीं पर भव्य रूप से सम्मानित किया गया।
जिले की प्रतिष्ठित ‘अक्षत सम्मान समारोह समिति’ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पांढुर्णा-छिंदवाड़ा के सांसद विवेक बंटी साहू के कर-कमलों से समिति को गरिमामयी शील्ड भेंट कर सम्मानित किया गया।
सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल है समिति
अमरवाड़ा क्षेत्र में दीन-दुखियों और अनाथ बेटियों के लिए संबल बनी इस समिति के सेवा कार्यों की गूंज अब पूरे जिले में है। समिति द्वारा किए जा रहे प्रमुख परोपकारी कार्य इस प्रकार हैं,
अनाथ बहनों की शिक्षा का जिम्मा, ग्राम पौनार तहसील अमरवाड़ा की 6 अनाथ बहनों को शिक्षा में सहयोग देने के उद्देश्य से समिति द्वारा आगामी 15 वर्षों तक प्रति माह ₹2,000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मासूम बेटियों को संबल लिंगा छिंदवाड़ा निवासी पितृहीन जरूरतमंद मासूम बेटियां भाग्यश्री ठाकरे कक्षा 6वीं एवं तोषिका ठाकरे कक्षा 4थी की शिक्षा के लिए समिति ने 15 वर्षों तक प्रति माह ₹1,000 की सहायता राशि स्वीकृत की है।
कुदवारी और अमरवाड़ा में सहयोग
कुदवारी की 3 और अमरवाड़ा की 3 पितृहीन व अति जरूरतमंद बेटियों को शिक्षा के लिए 15 वर्षों तक ₹600-₹600 प्रति माह का सहयोग दिया जा रहा है।
कन्यादान का महासंकल्प विगत 11 वर्षों से समिति द्वारा क्षेत्र की पितृहीन, बेसहारा और अनाथ बेटियों की शादी में ₹30-30 हजार रुपये की गृहस्थी सामग्री भेंट कर विदा किया जाता है। इसके साथ ही सैकड़ों बेटियों को स्कूली सामग्री दिलाकर उनका भविष्य संवारा जा रहा है।
जैसा बोते हैं, वैसा ही काटते हैं
श्री नटनी माई सेवा समिति समाज में भलाई के जो बीज बो रही है, उसका सुखद परिणाम भविष्य में शिक्षित और सशक्त बेटियों के रूप में सामने आएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्ध जन
सम्मान समारोह में ये रहे उपस्थित
इस गौरवपूर्ण क्षण के अवसर पर समिति के संस्थापक राधेश्याम सोनी, संरक्षक बालकिशन साहू, अध्यक्ष अरुण बूटी नेमा, सह-संरक्षक लक्ष्मी साहू, देवेंद्र जैन, सालिकराम यादव, कोषाध्यक्ष गणेश साहू, सह-संरक्षक नवीन जैन, सुमेर चंद साहू, अनिल गेंदलाल साहू, धनराज सिंह चंदेल, अनुराग मिश्रा बीईओ , महेंद्र डेहरिया प्राचार्य, महेंद्र सिंगारे शिक्षक, अनिल यादव शिक्षक सहित महिला विंग से श्रीमती ममता तिवारी, श्रीमती सुरक्षा जैन, मंजूलता सोनी, माया डेहरिया, अनारकली डेहरिया, विद्या डेहरिया, कंचन चौरसिया और अनिता चंदेल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी ने समिति को इस उपलब्धि पर बधाई प्रेषित की है।
