पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी भरत मिलन पाण्डेय की गिरफ्तारी के विरोध में फूटा गुस्सा, कलेक्टर को महामहिम राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

Revanchal
3 Min Read


रेवांचल टाइम्स संवाददाता उमाकांत त्रिपाठी, पन्ना
पन्ना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रत्याशी भरत मिलन पांडे की गिरफ्तारी के विरोध में जिले की राजनीति गरमा गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनीश खान के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ जुलूस कलेक्टर कार्यालय पहुंचा, जहां महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।


प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शासन और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह गिरफ्तारी राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है और सत्ता के दबाव में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।


ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख मुद्दे
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं—
एकतरफा कार्रवाई का आरोप: 23 अप्रैल 2026 को ग्राम पिस्टा में कांग्रेस कार्यकर्ता जयकरण अहिरवार के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग के मामले में अब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने की बात कही गई।


प्रशासनिक दुरुपयोग: वन विभाग और पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाया गया कि वे जनसेवा करने वाले नेताओं को झूठे मामलों में फंसा रहे हैं।
मामला वापस लेने की मांग: कांग्रेस ने भरत मिलन पांडे के खिलाफ दर्ज प्रकरण को तत्काल वापस लेने की मांग की है।


बढ़ी राजनीतिक सरगर्मियां
गिरफ्तारी के बाद से जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस प्रदर्शन को कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है, जिससे प्रशासन पर दबाव बढ़ा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो पार्टी जिलेभर में उग्र आंदोलन करेगी।


प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष शिवजीत सिंह, पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, पूर्व गुनौर विधानसभा प्रत्याशी जीवनलाल सिद्धार्थ, राजबहादुर पटेल, कदीर खान, वसीम खान, बृजेंद्र दुबे, प्रेम नारायण सिंह यादव, मार्तंड देव बुंदेला, राजा बाबू पटेल, नरेंद्र विश्वकर्मा, वैभव थापक, मनीष, श्रीमती रमा बुंदेला मिश्रा, वीरेन्द्र खटीक, रेहान मोहम्मद, अक्षय तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

👁️ 3 views Views
Share This Article
Translate »