विश्वासघात: मुंहबोले भाई ने ही रची ₹7 लाख की लूट की साजिश, कोतवाली पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

Revanchal
13
3 Min Read

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला

शहर के लालबाग क्षेत्र में हुई सनसनीखेज चोरी और मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए महिला के ‘मुंहबोले भाई’ समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 7 लाख रुपये के जेवर और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

​लाचार पति के साथ मारपीट कर वारदात को दिया अंजाम
​घटना 19 अप्रैल की रात की है। लालबाग निवासी विमला तंतुवाय (53) अपने लकवाग्रस्त पति को घर पर अकेला छोड़कर एक शादी समारोह में गई थीं। रात करीब 12 बजे जब वह लौटीं, तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के ताले टूटे थे। उनके बीमार पति ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि दो युवकों ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की और गहने लूटकर फरार हो गए।

​’भाई’ का चोला पहनकर आया था भेड़िया
​पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय के निर्देशन में जांच शुरू हुई। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार धुर्वे की टीम को पीड़िता से पूछताछ के दौरान ‘सलमान’ नाम के व्यक्ति पर शक हुआ। सलमान महिला का मुंहबोला भाई बनकर अक्सर घर आता-जाता था। उसे पता था कि महिला शादी में जा रही है और घर में उसका पति लाचार है। इसी का फायदा उठाकर उसने लूट की पूरी पटकथा लिखी।

​घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
​संदेह के आधार पर पुलिस ने सलमान को नरसिंहपुर रोड स्थित दरगाह के पास से दबोचा। कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और अपने साथियों के नाम भी उगल दिए। पुलिस ने सलमान के साथ-साथ उसके साथी आशिफ खान, आशिक धुर्वे और सुमित भलावी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का एक अन्य आरोपी राज यादव अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

​बरामदगी और पुलिस टीम को इनाम
​पुलिस ने आरोपियों के पास से ​सोना 4 तोला,​चांदी आधा किलो,
​कुल कीमत: लगभग ₹7 लाख,​अन्य वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें

​इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे, सउनि ब्रिजेश रघुवंशी समेत पूरी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के लिए पुरस्कार की घोषणा की है।

नगर निरीक्षक आशीष धुर्वे की अपील
घर आने-जाने वाले परिचितों पर भी सतर्क नजर रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें। और अपने परिवार के लोगों के साथ ही जानकारी साझा करें बाहरी रिश्तेदारों पर विश्वास बिल्कुल ना करें परिवार सहित बाहर जाने पर थाने पर सूचित करें ताकि पुलिस ग्रस्त के दौरान वहां पर नजर रखी जा सके

Share This Article
Translate »