
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
भारत स्काउट एवं गाइड, मध्यप्रदेश (जिला संघ छिंदवाड़ा) के वार्षिक कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी एवं आयुक्त स्काउट जे.के. इड़पाचे के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक का शुभारंभ स्काउटिंग परंपरा के अनुसार ईश प्रार्थना से हुआ।
व्यक्तित्व विकास और सेवा भावना का सशक्त माध्यम: तुकाराम दुर्गे
बैठक को संबोधित करते हुए जिला मुख्य आयुक्त तुकाराम दुर्गे ने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन विद्यार्थियों में केवल अनुशासन ही नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रप्रेम का बीजारोपण करता है। वहीं, जिला संघ अध्यक्ष विनोद तिवारी ने विद्यालयों में अधिक से अधिक स्काउट-गाइड दलों के गठन और वार्षिक कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साहसिक गतिविधियों और प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से विद्यार्थी अपने कौशल को निखारते हैं, जिससे उन्हें जीवन की हर विषम परिस्थिति में सकारात्मक रहने की ऊर्जा मिलती है।
वर्षभर की कार्ययोजना और आय-व्यय प्रस्तुत
बैठक के दौरान स्काउट के डीओसी द्वारा वर्षभर की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। जिला सचिव राजेंद्र सरबारे ने जिला प्रशिक्षण केंद्र के विकास कार्यों तथा आय-व्यय का ब्योरा पटल पर रखा, जिसका सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।
बैठक में आगामी सत्र के लिए पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण और विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
स्कार्फ पहनाकर किया गया स्वागत
कार्यक्रम के आरंभ में स्काउटिंग परंपरा के अनुसार जिला मुख्य आयुक्त तुकाराम दुर्गे, अध्यक्ष विनोद तिवारी, उपाध्यक्ष द्वय अखिलेश चौहान व मनोज आरपुरे तथा आजीवन सदस्य परेश वर्मा का स्कार्फ पहनाकर गरिमामय स्वागत किया गया।
प्रमुख पदाधिकारियों की रही उपस्थिति
बैठक में जिला कोषाध्यक्ष राजेंद्र सोनी, डीटीसी राकेश मालवी, संयुक्त सचिव श्रीमती ममता पटले, सह सचिव दिनेश वर्मा, डीओसी गाइड श्रीमती अर्चना भारत, स्काउट प्रतिनिधि सतीश पवार सहित विभिन्न ब्लॉक सचिव, ट्रेनिंग काउंसलर्स एवं कार्यकारिणी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला सचिव राजेंद्र सरबारे एवं जिला संगठन आयुक्त स्काउट नरेंद्र कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। अंत में संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया और राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।
