भाजपा किसान मोर्चा की जिला कार्यकारिणी का गठन जल्द, वरिष्ठों की सहमति से तय होंगे नाम

Revanchal
2 Min Read

61 सदस्यीय टीम में 30 पदाधिकारियों को मिलेगी जिम्मेदारी : शैलेन्द्र रघुवंशी

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा

भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी ने बताया कि किसान मोर्चा की नई जिला कार्यकारिणी का गठन शीघ्र किया जाएगा। संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से बनने वाली इस कार्यकारिणी में वरिष्ठ नेताओं, मंडल अध्यक्षों एवं संगठन के अनुभवी कार्यकर्ताओं के सुझावों और सहमति के आधार पर नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

रघुवंशी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक निर्णय सामूहिक विचार-विमर्श और संगठनात्मक मर्यादाओं के अनुरूप लिया जाता है। किसान मोर्चा की नई टीम में ऐसे सक्रिय, समर्पित एवं किसान हितों के प्रति प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाएगा, जो संगठन की विचारधारा और किसान कल्याण के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर सकें।

उन्होंने बताया कि जिला कार्यकारिणी में कुल 61 सदस्यों को शामिल किया जाएगा। इनमें 30 पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी, जिनमें उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी सहित अन्य महत्वपूर्ण दायित्व शामिल होंगे। शेष सदस्यों को विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि कार्यकारिणी के गठन में जिले के सभी मंडलों का संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन एवं मंडल अध्यक्षों के सुझावों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि जिले के प्रत्येक क्षेत्र के सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित अवसर मिल सके।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई जिला कार्यकारिणी के गठन के बाद किसान मोर्चा और अधिक प्रभावी ढंग से किसानों के बीच कार्य करेगा तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए भी मजबूती से कार्य करेगा।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »