सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का एमएसएमई आउटरीच कार्यक्रम, छिंदवाड़ा में एक ही दिन में 20 करोड़ के ऋण स्वीकृत

Revanchal
13
3 Min Read

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा देशव्यापी अभियान के तहत छिंदवाड़ा के केडी होटल में एक भव्य एमएसएमई आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कैंप का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों, व्यापारियों और स्वरोजगार करने वाले नागरिकों को त्वरित व सरल ऋण सुविधा उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि बैंक द्वारा एक ही दिन में कुल 20 करोड़ रुपए के ऋण स्वीकृत कर हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र सौंपे गए।

​उद्योग विभाग और बैंक के समन्वित प्रयासों की सराहना
​कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (डीआईसी) के महाप्रबंधक रघुवर शाह उइके रहे, जबकि अध्यक्षता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख कुमार उत्कर्ष ने की।


​मुख्य अतिथि रघुवर शाह उइके ने अपने उद्बोधन में कहा,एमएसएमई क्षेत्र देश की आर्थिक प्रगति की रीढ़ है। छोटे और मध्यम उद्योग न केवल रोजगार के अवसर बढ़ाते हैं, बल्कि ग्रामीण व अर्धशहरी क्षेत्रों के विकास को भी गति देते हैं। बैंकिंग संस्थाओं और उद्योग विभाग के समन्वित प्रयासों से स्थानीय उद्योगों को एक नई दिशा मिल रही है।

​ग्राहकों के विकास के लिए बैंक प्रतिबद्ध
​कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय प्रमुख कुमार उत्कर्ष ने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सदैव ग्राहकों और उद्यमियों के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। बैंक द्वारा एमएसएमई क्षेत्र के लिए विभिन्न ऋण योजनाओं के माध्यम से सरल, पारदर्शी और त्वरित वित्तीय सहायता दी जा रही है। उन्होंने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे बैंक की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय का विस्तार करें।
​डिजिटल बैंकिंग और योजनाओं की दी जानकारी l

​कार्यक्रम का शुभारंभ बैंक के संस्थापक सर सोराबजी पोचखानवाला के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान बैंक अधिकारियों द्वारा उपस्थित ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग सेवाओं, मुद्रा योजना, एमएसएमई लोन योजनाओं और अन्य वित्तीय उत्पादों की विस्तृत जानकारी दी गई। ऋण स्वीकृति पत्र प्राप्त करने वाले उद्यमियों ने बैंक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उनके व्यवसाय को नई गति मिलेगी।


​ये रहे उपस्थित
​इस भव्य आयोजन में क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रमुख, बैंक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जहां मुख्य प्रबंधक संजय यादव ने उपस्थित सभी अतिथियों, ग्राहकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share This Article
Translate »