कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सुनीं 130 फरियादियों की समस्याएं, मौक़े पर ही दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

Revanchal
7
4 Min Read

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा

​राज्य शासन के मंशानुसार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए आयोजित होने वाले साप्ताहिक ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उम्मीदों का मेला लगा। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जिले के दूर-दराज के अंचलों, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे 130 आवेदकों की समस्याओं को बेहद संवेदनशीलता के साथ सुना। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द निराकरण के निर्देश दिए, तो कुछ जटिल मामलों को समय-सीमा,टी एल की बैठक में समीक्षा के लिए चिन्हांकित किया।


​जनसुनवाई के दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एडीएम धीरेंद्र सिंह और एसडीएम सुधीर जैन सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे, वहीं विकासखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे जुड़े रहे। प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में आवेदकों के बैठने की समुचित व्यवस्था भी की गई थी।

जमीन, आवास और बुनियादी सुविधाओं के आए सर्वाधिक मामले
​इस मंगलवार जनसुनवाई में मुख्य रूप से जमीन का सीमांकन करने, नक्शा दुरुस्त करने, अवैध अतिक्रमण हटाने, नाला गहरीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा बिजली-पानी जैसी बुनियादी समस्याओं से जुड़े आवेदन भारी संख्या में प्राप्त हुए।

​इन प्रमुख मामलों पर कलेक्टर ने लिया संज्ञान
​खाद-बीज संकट से जूझ रहे किसान को राहत
ग्राम खंसवाड़ा के किसान परमानंद चंद्रवंशी ने बताया कि उनकी कृषि भूमि ऑनलाइन प्रदर्शित नहीं हो रही है और कंप्यूटरीकृत कैप्चा लापता होने के कारण उन्हें खाद-बीज नहीं मिल पा रहा है। कलेक्टर ने इस तकनीकी समस्या को तुरंत दूर करने को कहा।

​दिव्यांग छात्रा की नि:शुल्क शिक्षा की गुहार पब्लिक प्ले स्कूल धरमटेकड़ी की कक्षा 6वीं की बहुविकलांग छात्रा कु. लाशी रघुवंशी ने नि:शुल्क अध्ययन का लाभ दिलाने की गुहार लगाई, जिस पर कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को तुरंत उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं श्रीमती गयावती जावरे ने बेटी की स्कूल फीस माफ कराने व टीसी दिलाने का आवेदन सौंपा।

अग्निकांड पीड़ित को आर्थिक मदद की आस चांदामेटा के वार्ड नंबर-15 निवासी शुभ्राकांति पांजा ने घर में हुए अग्निकांड से संपत्ति के नुकसान के बाद जीवनयापन के लिए आर्थिक सहायता की मांग की।
​छात्रवृत्ति पोर्टल खोलने की मांग, शासकीय विधि महाविद्यालय की एलएलबी छात्रा सुश्री दिव्या सोनी ने वर्ष 2024-25 की छात्रवृत्ति के लिए छात्रवृत्ति आवेदन पोर्टल खुलवाने की मांग रखी।


​मुआवजा और पट्टे के आवेदन: ग्राम गोरखपुर के गणराज पवार ने आंजनी जलाशय के लिए अधिग्रहित की गई निजी भूमि का मुआवजा दिलाने, ग्राम तामिया की रामकली बाई ने खसरा नंबर 46/2 (5) का पट्टा दिलाने और भूलामोहगांव के लालसिंग ने पुनर्वास अनुदान के तहत रजिस्ट्री शुल्क वापस दिलाने की मांग की।


​शहरी वार्डों की बुनियादी समस्याओं पर भी फोकस
छिंदवाड़ा नगर के वार्ड क्रमांक-4 (सांची दूध डेयरी के पास) के निवासियों ने पेयजल संकट और वार्ड क्रमांक-3 (आनंद नगर, खजरी रोड) के वासियों ने बिजली के खंभे, ट्रांसफार्मर, सड़क-पुलिया निर्माण तथा पेयजल पाइपलाइन की समस्याओं को लेकर सामूहिक आवेदन सौंपा। इसके अलावा दमुआ के नूर मोहम्मद ने राजस्व अभिलेख और ग्राम चोरडोंगरी के ग्रामीणों ने अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की।


​कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनसुनवाई में आने वाले हर एक आवेदन को पूरी गंभीरता से लिया जाए और तय समय-सीमा के भीतर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए।

Share This Article
Translate »