किसानों ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन 10 दिन में समस्याएं नहीं सुलझीं तो करेंगे आंदोलन
रेवांचल टाइम्स, पवई (पन्ना)।
भारतीय किसान संघ के बैनर तले किसानों ने सोमवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर महामहिम राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो वे अगले 10 दिनों में वृहद आंदोलन एवं चक्का जाम करेंगे।
किसानों की मुख्य मांगें :
- यूरिया की किल्लत दूर की जाए – खेतों में नाइट्रोजन का मुख्य स्रोत यूरिया है, लेकिन क्षेत्र में लगातार खाद की कमी बनी हुई है।
- धान पंजीयन बढ़ाया जाए – वर्तमान में पंजीयन प्रति हेक्टेयर 22-23 क्विंटल है, जिसे बढ़ाकर 32-35 क्विंटल प्रति हेक्टेयर किया जाए।
- धान का उचित मूल्य मिले – प्रधानमंत्री की गारंटी योजना के तहत 3100 रुपए प्रति क्विंटल देने की घोषणा हुई थी, लेकिन वर्तमान में किसानों को सिर्फ 2369 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा है।
- भैंस चोरी पर कार्रवाई – किसानों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले दिनों 50 से 100 भैंसों की चोरी हुई है। रंंगे हाथ पकड़े गए चोरों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की।
- बिजली की समस्या दूर हो – लो वोल्टेज, अघोषित कटौती, नंगे तार, अधूरी पड़ी केबल लाइन और खराब ट्रांसफार्मर ग्रामीण क्षेत्रों की सबसे बड़ी परेशानी बनी हुई है।
किसानों ने साफ कहा कि वे शांतिप्रिय हैं, लेकिन यदि उनकी जायज मांगों को अनसुना किया गया तो मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
