जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र स्थित कटारिया लॉ हाउस में अज्ञात चोरों द्वारा एसी की कॉपर वायर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में फर्म संचालक एवं अधिवक्ता प्रणव कटारिया ने थाना प्रभारी ओमती को लिखित शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, ओमती थाना के पास स्थित कटारिया लॉ हाउस में लगे एयर कंडीशनर (एसी) की कॉपर वायर 20 जून 2026 एवं 21 जून 2026 की रात अज्ञात चोरों द्वारा काटकर चोरी कर ली गई। बताया गया है कि दुकान के बाहर परिसर में लगी एसी यूनिट को निशाना बनाकर वायर काटी गई, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले कुछ दिनों से इसी प्रकार की चोरी की घटनाएं क्षेत्र में लगातार सामने आ रही हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि कोई संगठित गिरोह या क्षेत्र में सक्रिय चोरों का नेटवर्क ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहा है।
फर्म संचालक ने पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने तथा अन्य आवश्यक जांच कर आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस शिकायत पर कितनी तेजी से कार्रवाई कर चोरों तक पहुंच पाती है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।
