काले शीशों पर चला कुंडीपुरा पुलिस का डंडा सड़कों पर ही उतारी गई ब्लैक फिल्म, दर्जनों चालान कटे

Revanchal
7
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा

यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर काली फिल्म चढ़ाकर फर्राटा भरने वाले वाहन चालकों पर आज कुंडीपुरा पुलिस ने कड़ा प्रहार किया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र भगत के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने न केवल चालानी कार्रवाई की, बल्कि मौके पर ही वाहनों के शीशों से काली फिल्म को उतरवाया।

​चेकिंग पॉइंट लगाकर घेराबंदी
​बुधवार को थाना कुंडीपुरा पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख चौराहों पर औचक चेकिंग पॉइंट लगाए। इस दौरान पुलिस की पैनी नजर उन लग्जरी और संदिग्ध वाहनों पर रही, जिनके शीशे नियमों के विरुद्ध पूरी तरह काले थे। पुलिस बल ने ऐसे दर्जनों वाहनों को रोककर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही की।

​मौके पर ही ‘साफ’ हुए शीशे
​कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालक बहानेबाजी करते नजर आए, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे किसी की एक न चली।
पुलिस कर्मियों ने कई वाहनों की ब्लैक फिल्म मौके पर ही निकालकर उन्हें यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया।

​महेंद्र भगत, थाना प्रभारी कुंडीपुरा का कहना है कि,यह अभियान सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। ब्लैक फिल्म का उपयोग न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह आपराधिक गतिविधियों और दुर्घटनाओं को भी बढ़ावा देता है। वाहन चालक स्वयं ही इन फिल्मों को हटा लें, अन्यथा पुलिस की सख्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।


​आमजन से अपील
​कुंडीपुरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज किया जाएगा, जिसमें नंबर प्लेट की खामियों और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

Share This Article
Translate »