रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब के क्रय-विक्रय और परिवहन के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत कुंडीपुरा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर रामगढ़ी रोड से भारी मात्रा में अवैध शराब ज़ब्त की है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया।
झाड़ियों में बोरी छिपाकर ग्राहक का कर रहे थे इंतज़ार
घटना 24 जून 2026 की है। पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि रामगढ़ी रोड के किनारे वेयरहाउस के पास तीन युवक भारी मात्रा में शराब लेकर खड़े हैं और उसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चौपाल सागर के पास से दो स्वतंत्र गवाहों को साथ लिया और मौके पर दबिश दी।
वहां पहुंचने पर रोड किनारे झाड़ियों के पास तीन युवक सफेद रंग की दो बोरियों के साथ संदिग्ध हालत में खड़े दिखाई दिए। पास ही उनकी एक स्कूटी भी खड़ी थी। पुलिस को देखते ही तीनों में से एक युवक मौके से भाग निकला, जबकि पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अन्य दो युवकों को दबोच लिया।
करीब 50 हज़ार रुपये की शराब ज़ब्त
पकड़े गए आरोपियों की तलाशी लेने पर बोरियों से 7 पेटी में कुल 342 पाव प्रत्येक 180 एमएल अवैध शराब बरामद हुई। ज़ब्त की गई कुल 61.560 लीटर शराब की अनुमानित कीमत 49,794/- रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को ज़ब्त कर लिया है।
गिरफ्तार और फरार आरोपियों का विवरण
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम इस प्रकार बताए
सुन्दर डेहरिया (20 वर्ष), पिता- जगन्नाथ डेहरिया, निवासी- लालबाग, थाना कोतवाली, छिंदवाड़ा।
आयुष मालवी (19 वर्ष), पिता- जितेन्द्र मालवी, निवासी- लालबाग, थाना कोतवाली, छिंदवाड़ा।
फरार आरोपी
लक्की मालवी, निवासी- चौरई (हाल मुकाम- लालबाग, कोतवाली, किराए का मकान)। पुलिस इसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
कुंडीपुरा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 441/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।
