खंडहर में बैठकर बना रहे थे डकैती और हमले की योजना, धारदार हथियार बरामद
एक नाबालिग सहित दो आरोपी गिरफ्तार; झाड़ियों का फायदा उठाकर भागे दो अन्य की तलाश जारी
मुख्य आरोपी नीरज उर्फ टूटू उईके पर कोतवाली और कुंडीपुरा में दर्ज हैं कई गंभीर मामले
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा पुलिस अधीक्षक अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के नेतृत्व में देहात पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए खजरी शराब भट्टी स्थित एटीएम में डकैती डालने की खतरनाक साजिश को वक्त रहते नाकाम कर दिया। कारबाोह डैम के पास खंडहर में घेराबंदी कर पुलिस ने एक नाबालिग सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे।
खंडहर में रची जा रही थी खूनी वारदात की साजिश
थाना प्रभारी देहात निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत को 29 जुलाई 2026 को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि काराबोह डैम के पास स्थित एक खंडहर में 4-5 हथियारबंद युवक जमा हैं। वे आधी रात को खजरी शराब भट्टी के पास लगे एटीएम को लूटने और विरोध करने पर जान से मारने की योजना बना रहे थे।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अलग-अलग टीमें बनाकर खंडहर की घेराबंदी की।
घातक हथियार बरामद, आर्म्स एक्ट व डकैती की धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने मौके से दो बदमाशों को रंगे हाथों धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से डकैती की नीयत से रखे गए घातक हथियार—एक धारदार लोहे की तलवार, चाकू, हथौड़ी और लोहे की रॉड बरामद की गई।
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना देहात में अपराध क्रमांक 425/2026, धारा 310(4), 310(5) BNS एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार आरोपी और उनका आपराधिक रिकॉर्ड
नीरज उर्फ टूटू उईके (पिता मदन उईके, उम्र 18 वर्ष, निवासी ढीमराढाना, छिंदवाड़ा) — आरोपी नीरज के खिलाफ पूर्व में भी थाना देहात, कोतवाली और कुंडीपुरा में चोरी एवं संपत्ति संबंधी 04 गंभीर मामले दर्ज हैं।
राहुल टेकाम (पिता मनीराम टेकाम, उम्र 19 वर्ष, निवासी ढीमराढाना, थाना देहात, छिंदवाड़ा)
सराहनीय भूमिका
इस त्वरित व साहसिक कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक हर्ष नागले, सहायक उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक अशोक रघुवंशी, टीकाराम उइके, आरक्षक सूरज चौहान, शेरसिंह रघुवंशी, उमेश उइके, सीताराम उइके तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक नितिन ठाकुर एवं आदित्य की सराहनीय भूमिका रही।
