14 दिनों में 375 किमी का सफर तय कर मैहर में मां शारदा के चरणों में टेकेंगे माथा; प्रतिदिन चलेंगे 30 किलोमीटर
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
क्षेत्र की जनता की सुख, समृद्धि, वैभव और शांति की कामना को लेकर धर्म और जनसेवा के प्रति समर्पित सांसद बंटी विवेक साहू ने आज, 1 जुलाई से अपनी ऐतिहासिक 14 दिवसीय धार्मिक पदयात्रा का शुभारंभ किया। अपने दृढ़ संकल्प के साथ सांसद छिन्दवाड़ा से सिवनी और जबलपुर होते हुए मैहर तक कुल 375 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करेंगे।
यह महासंकल्प यात्रा आज सांसद के छिन्दवाड़ा स्थित निवास से प्रारंभ हुई, जिसका समापन 14 जुलाई को मैहर में मां शारदा मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और जिलेवासियों की खुशहाली की प्रार्थना के साथ होगा। यात्रा के पहले दिन सांसद ने 23 किमी की पदयात्रा पूरी कर रामेश्वर धाम में विश्राम किया।
सांसद निवास के समीप हनुमान मंदिर पर पूजा अर्चना कर यात्रा प्रारंभ हुई, नारियल वाले हनुमान जी संतोषी माता मंदिर में पूजा अर्चन कर गुरुद्वारा पर माथा टेका सभी जगह लोगों का आशीर्वाद लेते हुए यात्रा पर आगे बढ़ते चले जगह-जगह स्वागत किया गया और शुभकामनाएं दी गई l
14 दिनों का पूरा यात्रा मार्ग एक नज़र में
सांसद बंटी विवेक साहू पदयात्रियों के दल के साथ प्रतिदिन औसतन 30 से 34 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। यात्रा का पड़ाव इस प्रकार रहेगा
02 जुलाई: रामेश्वर धाम से शुरू होकर 30 किमी चलकर ग्राम बींझावाड़ा।
03 जुलाई: बींझावाड़ा से 30 किमी का सफर तय कर बखारी में रात्रि विश्राम।
04 जुलाई: बखारी से 31 किमी की दूरी तय कर ग्राम गणेशगंज आगमन।
05 जुलाई: गणेशगंज से 31 किमी पैदल चलकर धूमा में पड़ाव।
06 जुलाई: धूमा से 34 किमी की लंबी पदयात्रा कर बरगी पहुंचेंगे।
07 जुलाई: बरगी से 30 किमी चलकर पाटन बायपास (जबलपुर) में विश्राम।
08 जुलाई: पाटन बायपास से 33 किमी दूर गोसलपुर आगमन।
09 जुलाई: गोसलपुर से 32 किमी चलकर छपरा (जिला कटनी) में पड़ाव।
10 जुलाई: छपरा से 32 किमी की यात्रा कर श्री दद्दा जी धाम मंदिर (कटनी)।
11 जुलाई: दद्दा जी धाम से 32 किमी चलकर ग्राम पंचायत जुकेही (कटनी)।
12 जुलाई: जुकेही से 31 किमी की दूरी तय कर घुनवारा (जिला मैहर)।
13 जुलाई: घुनवारा से अंतिम 15 किमी की पदयात्रा कर मैहर प्रवेश।
14 जुलाई: सुबह मां शारदा के भव्य दरबार में माथा टेककर महाआरती के साथ यात्रा का समापन।
पूर्व में भी तय कर चुके हैं 528 किमी की धार्मिक यात्राएं
यह पहली बार नहीं है जब सांसद बंटी विवेक साहू ने जनता के कल्याण के लिए ऐसा कठिन संकल्प लिया हो। इससे पहले भी वे कुल 528 किलोमीटर की कई धार्मिक पदयात्राएं पूरी कर चुके हैं। इनमें मुख्य रूप से:
छिन्दवाड़ा से जामसांवली (61 किमी)
भूराभगत से महादेव मंदिर (34 किमी की कठिन चढ़ाई व वापसी)
छिन्दवाड़ा से सिहोरामाल स्थित रामेश्वर धाम (22 किमी)
छिन्दवाड़ा से खंडवा स्थित दादाजी धूनीवाले (411 किमी) की विशाल पदयात्रा शामिल है।
धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय कर्तव्यों का भी अनूठा संगम
धार्मिक यात्राओं के साथ-साथ सांसद बंटी विवेक साहू लगातार पदयात्राओं के माध्यम से जनता के बीच सक्रिय रहे हैं। पूर्व में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत जुन्नारदेव और सिंगोड़ी के गांवों में करीब 125 किमी पैदल चलकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया।
वहीं, लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर हाथों में तिरंगा थामकर उन्होंने परासिया के शिवपुरी और पगारा मंडल में 22 किमी, बिछुआ के गांवों में 25 किमी, पांढुर्णा के सिल्लेवानी में 17 किमी और जुन्नारदेव क्षेत्र में 11 किमी की पदयात्राएं कर राष्ट्रवाद की अलख जगाई थी।
उनकी इस 14 दिवसीय मैहर पदयात्रा को लेकर पूरे जिले के कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है, और जगह-जगह यात्रा के भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं।
