जनआकांक्षा पोर्टल की शिकायतों का हो संतुष्टिपूर्ण निराकरण, कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: सी.पी. राय
अमृत योजना, संबल, नया सवेरा और गीता भवन निर्माण कार्य की प्रगति की हुई विस्तृत समीक्षा
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
नगर निगम सभाकक्ष में शनिवार को विभागीय कार्यों की समयबद्ध प्रगति और निष्पादन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में निगम द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की गई।
शिकायतों के निराकरण पर सख्त रुख
आयुक्त राय ने साफ तौर पर निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में कोई ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि, संबंधित विभाग किसी भी शिकायत को बंद करने से पूर्व उसकी विस्तृत जानकारी अनिवार्य रूप से आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही जनआकांक्षा पोर्टल पर नागरिकों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के संतोषजनक निराकरण की प्रगति की भी जांच की गई।
विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा
बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लेकर कई अहम फैसले और समीक्षाएं की गईं
अमृत योजना व जल प्रदाय, अमृत योजना के अंतर्गत शहर में चल रहे रेस्टोरेशन, हाइड्रो टेस्टिंग और लीकेज संबंधी कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही प्याऊ जल मंदिर की स्थापना पर भी चर्चा हुई।
प्रमुख निर्माण कार्य सत्कार तिराहे पर निर्माणाधीन नाली निर्माण कार्य की प्रगति देखी गई। इसके अलावा सांसद एवं विधायक निधि से स्वीकृत व प्रगतिरत कार्यों की जानकारी ली गई।
संबल और नया सवेरा
इन योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों और आवंटन की वर्तमान स्थिति पर मंथन हुआ।
श्रम व आवास योजना श्रम शाखा के अंतर्गत निर्माण कर्मकार योजना में दी जा रही सहायता, श्रमिक पंजीयन और आवास योजना के हितग्राहियों की सूची का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
पर्यावरण संवर्धन और ‘गीता भवन’ पर विशेष जोर
बैठक में मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना गीता भवन निर्माण कार्य का विशेष उल्लेख करते हुए उसकी प्रगति पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली, नदी-बावड़ियों के संवर्धन, नाले-नालियों की साफ-सफाई व सौंदर्यीकरण तथा अमृत अभियान के तहत रोपे गए पौधों की स्थिति की समीक्षा की गई। आगामी पौधरोपण कार्यक्रमों को लेकर भी रूपरेखा तैयार की गई।
समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
आयुक्त सी.पी. राय ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दो टूक शब्दों में हिदायत दी कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
