सद्भाव और सादगी की मिसाल: भैय्याजी उर्स में एक साथ गूंजी 17 निकाहों की कबूलियत

Revanchal
3 Min Read

15 सालों से जारी है नि:शुल्क सामूहिक विवाह की परंपरा, पूरा पंडाल दुआओं से गूंजा

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा

हजरत भैय्याजी अताउल्लाह शाह रहमतुल्लाह अलैह के 104वें सालाना उर्स मुबारक के मौके पर शुक्रवार की रात भैय्याजी ग्राउंड एक ऐतिहासिक और भावुक पल का गवाह बना। अवसर था इज्तेमाई निकाह (सामूहिक विवाह) का, जहां एक साथ 17 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। जैसे ही निकाह की रस्में मुकम्मल हुईं, पूरा पंडाल ‘मुबारकबाद’ और दुआओं की गूंज से सराबोर हो उठा। इस गरिमामय आयोजन में शहर और ग्रामीण अंचलों से आए हजारों जायरीन व गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

​15 वर्षों से अनवरत जारी है सेवा का सफर
​हजरत भैय्याजी अताउल्लाह शाह र.अ. उर्स कमेटी द्वारा पिछले 15 साल से बिना किसी बाधा के यह नि:शुल्क सामूहिक निकाह आयोजित किया जा रहा है। आज के दौर में जहां शादियों में फिजूलखर्ची और लाखों का खर्च आम बात हो गई है, वहीं उर्स कमेटी जरूरतमंद परिवारों के बच्चों का निकाह पूरी सादगी और मुकम्मल सम्मान के साथ करा रही है। खास बात यह है कि इस पूरे आयोजन के लिए दूल्हा या दुल्हन पक्ष से एक भी रुपया नहीं लिया जाता।

​आकर्षक रोशनी और रूहानी सजावट से सजे पंडाल में रात करीब 9 बजे निकाह की रस्में शुरू हुईं।
उर्स कमेटी के सदर हाजी जमालुद्दीन (लाल साहब) ने बताया
​इस सामूहिक निकाह का मुख्य उद्देश्य समाज में सादगी को बढ़ावा देना, आपसी भाईचारा मजबूत करना और जरूरतमंद परिवारों की मदद करना है। महंगाई के इस दौर में यह पहल कई परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा साबित हो रही है।

​आज के विशेष कार्यक्रम स्वास्थ्य शिविर से लेकर रूहानी कव्वाली तक
​उर्स के तहत शनिवार 23 मई को भी बड़े पैमाने पर सामाजिक और खिदमत-ए-खल्क (मानव सेवा) के कार्य किए जा रहे हैं। जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष हाजी अहबाब उद्दीन ने कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया
​नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर: सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाले इस शिविर में मरीजों की मुफ्त जांच की जा रही है और विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उचित परामर्श दिया जा रहा है।
​सहायक उपकरणों का वितरण: शिविर में दिव्यांगों और जरूरतमंद बुजुर्गों को व्हीलचेयर, ट्राईसाइकल, कान की मशीन, वॉकर और विकलांग स्टिक जैसे जरूरी उपकरण पूरी तरह नि:शुल्क बांटे जा रहे हैं।
​रक्तदान शिविर, युवाओं और आमजनों के सहयोग से एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगाया गया है, ताकि आपातकाल में मरीजों की जान बचाई जा सके।
​सूफियाना कव्वाली: उर्स के रंग में सराबोर करने के लिए शनिवार की रात को शानदार कव्वाली कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नामचीन कव्वाल अपनी प्रस्तुति देंगे।
​इस पूरी सामाजिक और रूहानी पहल की शहर के प्रबुद्ध जनों और आम जनता द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »