दक्षिण पन्ना में जंगल से भटके सिवेट का सफल रेस्क्यू, सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा गया

Revanchal
2 Min Read

दक्षिण पन्ना वनमंडल के वन परिक्षेत्र मोहन्द्रा अंतर्गत ग्राम मोहन्द्रा में जंगल से भटककर आबादी क्षेत्र में पहुंचे एक सिवेट (Civet) का वन विभाग द्वारा सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए वन्यजीव को सुरक्षित पकड़ा गया। रेस्क्यू अभियान में बीट गार्ड सिंगवारा श्री रामदयाल सूत्रकार तथा बीट गार्ड पश्चिमी मोहन्द्रा श्री जगदीश प्रसाद अहिरवार की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण रही। रेस्क्यू उपरांत सिवेट को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

सिवेट एक शर्मीला एवं मुख्यतः रात्रिचर वन्यजीव माना जाता है, जो सामान्यतः घने जंगलों में रहना पसंद करता है। यह छोटे फलों, कीटों तथा अन्य छोटे जीवों को खाकर वन पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सिवेट बीज प्रसार में भी सहायक होता है, जिससे जंगलों के प्राकृतिक पुनर्जनन में योगदान मिलता है। इसकी उपस्थिति किसी क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता का संकेत मानी जाती है।

वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के आबादी क्षेत्र में दिखाई देने पर उसे नुकसान पहुंचाने या घेरने का प्रयास न करें तथा तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीवों एवं नागरिकों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »