रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
आज के इस दौर में जहाँ स्वार्थ के चलते सगे भाई भी एक-दूसरे की मदद करने से कतराते हैं, वहीं दूसरी ओर ‘राष्ट्रवादी चालक सेवा संगठन’ (RCSS) ने आपसी सहयोग, संवेदनशीलता और भाईचारे की एक ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी चारों ओर जमकर सराहना हो रही है। संगठन ने न केवल अपने दिवंगत साथी के प्रति कर्तव्य निभाया, बल्कि संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार की ढाल बनकर खड़े रहे।
सड़क हादसे में खोया था साथी, बनारस से लाए थे पार्थिव देह
बीते 13 जून को परासिया तहसील के ग्राम लीखावाड़ी निवासी वाहन चालक प्रदुम यदुवंशी का बनारस में एक दुखद सड़क हादसे में असमय निधन हो गया था। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि प्रदुम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। इस हृदयविदारक खबर को सुनते ही संगठन के साथियों ने अनुकरणीय संवेदनशीलता दिखाई। साथी चालक बनारस से दिवंगत प्रदुम के पार्थिव देह को ससम्मान उनके गृह ग्राम लीखावाड़ी लेकर आए।
तेरहवीं पर ढांढस बंधाया, ₹45,500 की सौंपी आर्थिक सहायता
दिवंगत साथी के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए संगठन के पदाधिकारी (सिवनी, मंडला, बालाघाट) और सदस्य ग्राम लीखावाड़ी पहुँचे। वहाँ आयोजित 13वीं के कार्यक्रम में शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान संगठन द्वारा आपस में एकत्रित की गई ₹45,500 की सहयोग राशि दिवंगत चालक की पत्नी को भेंट की गई।
संगठन ने स्पष्ट संदेश दिया कि संकट के इस दौर में पीड़ित परिवार खुद को अकेला न समझे, पूरा संगठन हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ा है।
शासन की बेरुखी पर उठाए सवाल- ‘चालक कल्याण बोर्ड’ की मांग
एक तरफ जहाँ संगठन ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी पूरी की, वहीं दूसरी ओर शासन-प्रशासन के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी शासन के किसी नुमाइंदे ने पीड़ित परिवार की सुध नहीं ली।
संगठन के सदस्यों ने रोष जताते हुए कहा कि कोरोना काल जैसी महामारी में भी वाहन चालकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर देश की अर्थव्यवस्था को गति दी थी। अतः सरकार को वाहन चालकों के हितों की रक्षा के लिए ‘अलग से वाहन चालक कल्याण बोर्ड’ का गठन करना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर सरकारी सहायता मिल सके।
अनुशासन और नियमों की अनूठी मिसाल है ‘RCSS’
राष्ट्रवादी चालक सेवा संगठन अपनी सेवा ही नहीं, बल्कि कड़े अनुशासन के लिए भी जाना जाता है
पहचान और वर्दी – संगठन के सभी सदस्य हमेशा निर्धारित यूनिफॉर्म, आई-कार्ड और नेम प्लेट के साथ ही रहते हैं।
नशे के खिलाफ सख्त रुख- वाहन चलाते समय शराब का सेवन करने वाले सदस्यों के लिए संगठन में कोई जगह नहीं है। नियम उल्लंघन पर तुरंत निष्कासन की कार्रवाई की जाती है।
एसपी ऑफिस में दिया ज्ञापन, प्रशासन को सहयोग का भरोसा
संगठन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपकर कानून और यातायात नियमों के पालन का संकल्प दोहराया है। पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि वे यातायात व्यवस्था और सुरक्षा में पुलिस-प्रशासन को हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित रहे
राष्ट्रीय अध्यक्ष नेपाल राठौर, प्रदेश अध्यक्ष रवि यादव, छिंदवाड़ा जिला अध्यक्ष जीतू चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष आकाश सिंह कुशवाहा, कोषाध्यक्ष दीपक यदुवंशी, सचिव संजय राठौर, उपसचिव रामकुमार बंजारा, संगठन मंत्री बलदेव ऊईके, संयुक्त सचिव बब्लू भाई, महासचिव आकाश यादव, मीडिया प्रभारी युसूफ खान, कार्यकारिणी अध्यक्ष गोविंदा इरुपाचे, कार्यकारिणी सचिव विक्रम सिंह कुशवाहा, कार्यकारिणी सदस्य संदीप चंद्रवंशी, अर्जुन राठौर, अरविंद चंद्रवंशी, राजा चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में चालक साथी और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
