रेवांचल टाइम्स पन्ना
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के देवेंद्रनगर में कुदरत का एक अनोखा करिश्मा देखने को मिला, जिसने वन्यजीव प्रेमियों को हैरान कर दिया। वार्ड क्रमांक 12 में किसान महेंद्र प्रजापति के खेत में एक बेहद दुर्लभ और खूबसूरत ‘भारतीय तारा कछुआ’ (स्टार टॉर्टॉइज़) मिला।
इस कछुए की पीठ पर पीले रंग की आकर्षक धारियाँ बनी हैं, जो तारों जैसी चमकती दिखाई देती हैं। यही वजह है कि इसे ‘स्टार टॉर्टॉइज़’ कहा जाता है। वैज्ञानिक भाषा में इसे जियोक्लेमिस एलिगेंस (Geochelone elegans) कहा जाता है।
किसान ने जैसे ही इस अनोखे जीव को देखा, तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कछुए का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे संरक्षण में ले लिया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह प्रजाति अपनी खूबसूरती के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवैध तस्करी का शिकार होती है, जिससे इसकी संख्या लगातार घट रही है। यही कारण है कि इसे IUCN की रेड लिस्ट में संकटग्रस्त प्रजातियों में शामिल किया गया है। इस कछुए की आयु लगभग 30 से 50 वर्ष तक होती है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी शुभम तिवारी ने बताया कि किसान की सतर्कता और समझदारी से इस दुर्लभ जीव को सुरक्षित बचाया जा सका। फिलहाल इसे वन विभाग की निगरानी में रखा गया है।
यह घटना न सिर्फ पन्ना की जैव विविधता को दर्शाती है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति लोगों की जागरूकता का भी एक सुंदर उदाहरण है।
