मंडला में शिक्षा सुधार को नई दिशा, जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति में अरविंद शर्मा प्रस्तावित

Revanchal
7
2 Min Read

कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति शिक्षा योजनाओं और स्कूल व्यवस्थाओं की करेगी निगरानी

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला, जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति का गठन किया गया है, जो सांदीपनि, पीएम श्री, उत्कृष्ट एवं मॉडल स्कूलों सहित जिले की सभी शैक्षणिक और निर्माण संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी।

इस समिति में लंबे समय से शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय रहे अरविंद शर्मा के नाम को अशासकीय सदस्य के रूप में प्रस्तावित किया गया है। यह प्रस्ताव शिक्षा मंत्री द्वारा रखा गया है, जिसे उनके अनुभव और समर्पण के दृष्टिगत एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।

अरविंद शर्मा वर्ष 1994 से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने संपूर्ण साक्षरता अभियान में भागीदारी करते हुए समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।

वर्ष 1996 में मंडला जिले में तत्कालीन कलेक्टर अनुराग जैन के नेतृत्व में चलाए गए शिक्षा अभियानों में भी उनका विशेष योगदान रहा। इस दौरान उन्होंने महिला शिक्षा, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।

इसके अतिरिक्त, वर्ष 2005 से शासन की योजना के अंतर्गत कक्षा 5वीं से 8वीं तक की छात्राओं के लिए आवासीय विद्यालयों के निर्माण और संचालन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस पहल से बालिका शिक्षा को नई दिशा मिली और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का विस्तार हुआ।

जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति में उनके नाम का प्रस्ताव जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि उनके अनुभव का लाभ लेते हुए स्कूलों की गुणवत्ता में सुधार होगा और विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

Share This Article
Translate »