भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में संगठन, राष्ट्रवाद और अंत्योदय पर भाजपा कार्यकर्ताओं को मिला वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण
भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रारंभ, कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के मंत्र
विचार नेतृत्व से बड़ा होता है” — विनोद गोटिया
भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान में राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक विचार और संगठन विस्तार पर चर्चा
राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद एवं संगठन की कार्य पद्धति पर हुआ मार्गदर्शन
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
सोमवार को स्थानीय अग्रवाल पैलेस में भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान अंतर्गत जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ अवसर पर सर्वप्रथम मध्यप्रदेश तीर्थ स्थल एवं मेला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया, जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव द्वारा भाजपा ध्वज फहराया गया। ध्वज वंदन उपरांत श्री गोटिया ने प्रशिक्षण वर्ग अंतर्गत आयोजित पंडित अटल बिहारी वाजपेयी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रशिक्षण वर्ग का प्रारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कमलेश उईके ने किया।
राष्ट्रवाद की विचारधारा के साथ आगे बढ़ी भाजपा विनोद गोटिया
प्रथम सत्र में मध्यप्रदेश तीर्थ स्थल एवं मेला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया वक्ता एवं पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।
गोटिया ने कहा कि भाजपा का सफर वर्ष 1951 में जनसंघ की स्थापना के साथ प्रारंभ हुआ। उन्होंने बताया कि जनसंघ संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर मुद्दे पर “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” का उद्घोष किया था। इसी राष्ट्रवादी विचारधारा के आधार पर भाजपा ने धारा 370 समाप्त कर कश्मीर को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ा।
उन्होंने कहा कि आज भारत एक सशक्त एवं संप्रभु राष्ट्र के रूप में विश्व में स्थापित हुआ है, जिसका उदाहरण ऑपरेशन सिंदूर जैसे निर्णायक कदम हैं। गोटिया ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय केवल व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचार हैं और विचार सदैव नेतृत्व से बड़ा होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल विजय को लेकर भी चर्चा की।
संगठन की मजबूती के लिए प्रशिक्षण आवश्यक आदित्य बबला शुक्ला
प्रशिक्षण वर्ग के अध्यक्षीय उद्बोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग की रूपरेखा एवं संचालन संबंधी जानकारी दी।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने कहा कि प्रशिक्षण भाजपा संगठन की परंपरा है। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं की गुणवत्ता पर निर्भर करती है, इसलिए मजबूत संगठन निर्माण के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित होना आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से गंभीरता के साथ प्रशिक्षण में सहभागी होकर लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।
भाजपा की विचारधारा अंत्योदय पर आधारित रमेश भटेरे
द्वितीय सत्र में लांजी के पूर्व विधायक रमेश भटेरे वक्ता एवं सुरेश अग्रवाल अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए।
भटेरे ने कहा कि देश में हजारों राजनीतिक दल हैं, लेकिन स्पष्ट विचारधारा वाले दल बहुत कम हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद की विचारधारा पर चलने वाला दल है, जो अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की सोच रखता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता साधन है, साध्य नहीं।
उन्होंने संगठन विस्तार के सामाजिक एवं भौगोलिक आयामों पर चर्चा करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का संकल्प दृढ़ होना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नक्सल मुक्त भारत संकल्प का भी उल्लेख किया।
भाजपा की कार्यपद्धति एवं स्थायी कार्यक्रमों पर हुए सत्र
तृतीय सत्र में मंडला के पूर्व जिलाध्यक्ष भीष्म द्विवेदी वक्ता एवं पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए। द्विवेदी ने भाजपा की कार्यपद्धति पर विस्तार से प्रकाश डाला।
चतुर्थ सत्र में राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग की सदस्य मौसम बिसेन वक्ता एवं पत्रकार गोविंद चौरसिया अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। श्रीमती बिसेन ने भाजपा के स्थायी कार्यक्रमों, बूथ प्रबंधन एवं मन की बात विषय पर प्रशिक्षण दिया।
भाजपा विचार परिवार एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा
पंचम सत्र में प्रशिक्षण वर्ग के जिला प्रभारी गजानन पंचेश्वर वक्ता एवं ठाकुर प्रियवर सिंह अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए। पंचेश्वर ने भाजपा विचार परिवार पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
छठवें सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे वक्ता एवं लोकतंत्र सेनानी अशोक पोफली अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। धुर्वे ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।
सातवें सत्र में बैतूल के जिला महामंत्री कमलेश सिंह वक्ता एवं लोकतंत्र सेनानी अजय औरंगाबादकर अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए। सिंह ने भाजपा के सैद्धांतिक अधिष्ठान, एकात्म मानववाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं पंचनिष्ठाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
ये रहे उपस्थित
उद्घाटन सत्र के दौरान मध्यप्रदेश तीर्थ स्थल एवं मेला विकास प्राधिकरण अध्यक्ष विनोद गोटिया, सांसद विवेक बंटी साहू, जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह, पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे, ताराचंद बावरिया, जिला महामंत्री विजय पांडे, प्रशिक्षण महाअभियान के संभागीय प्रभारी विजय झांझरी, जिला प्रभारी गजानन पंचेश्वर, जिला संयोजक कमलेश उईके, सह संयोजक ठाकुर प्रियवर सिंह, राजेश श्रीवास्तव, श्रीमती भारती साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे साथ ही बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल पदाधिकारी सहित अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
