छिंदवाड़ा रोड क्रॉसिंग पर हर दिन हादसे, डायवर्ट ट्रैफिक ने बढ़ाई परेशानी
फाटक पर गहरे गड्ढे, रोज हो रहे हादसे

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी– छिंदवाड़ा चौक से छिंदवाड़ा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। रेल पटरियों के आसपास बने गहरे और चौड़े गड्ढों ने इस मार्ग को खतरनाक बना दिया है। बाइक सवार पटरी की चिकनी सतह पर फिसलकर गिर रहे हैं, वहीं छोटे-बड़े वाहन गड्ढों में फंसकर हादसों का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब यहां कोई न कोई दुर्घटना न हो।
उभरी पटरियां और फिसलन से बढ़ा खतरा
गंगानगर स्थित शनि मंदिर गंगानगर के पास कई जगह रेल पटरियां सड़क से ऊपर आ गई हैं। गड्ढों और उभरी पटरियों के कारण बाइक और साइकिल के पहिए फिसल रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे भी यहां गिरकर घायल हो चुके हैं, जिससे अभिभावकों में डर का माहौल है।
ओवरब्रिज निर्माण बना कारण, बढ़ा ट्रैफिक दबाव
नागपुर रोड पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज के कारण आवागमन डायवर्ट होकर इसी रेलवे क्रॉसिंग से गुजर रहा है। इससे यहां यातायात का दबाव कई गुना बढ़ गया है। एक ओर ओवरब्रिज निर्माण की धीमी रफ्तार और दूसरी ओर जर्जर रेलवे फाटक, दोनों मिलकर इस मार्ग को और अधिक जोखिमभरा बना रहे हैं।
रेलवे की लापरवाही पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि रेलवे क्षेत्र में होने के बावजूद पटरियों के आसपास मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा है। डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और गड्ढे लगातार गहरे होते जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहा। नगर पालिका और रेलवे के बीच जिम्मेदारी तय न होने से आमजन परेशान हैं।
तत्काल सुधार की मांग, नहीं तो बड़ा हादसा तय
नागरिकों ने मांग की है कि रेलवे फाटक पर बने गड्ढों को तत्काल भरकर सड़क को समतल किया जाए और डामरीकरण कराया जाए। साथ ही नागपुर रोड ओवरब्रिज निर्माण में तेजी लाई जाए, ताकि डायवर्ट ट्रैफिक का दबाव कम हो और लगातार हो रहे हादसों पर रोक लग सके।
