रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और वित्तीय संस्थानों में संभावित खतरों को भांपने के लिए जिला पुलिस ने आज एक बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में जिले के सभी राष्ट्रीयकृत, निजी और सहकारी बैंकों का विशेष सुरक्षा ऑडिट संपन्न हुआ।
मैदान में उतरी पुलिस की टीमें, खंगाला चप्पा-चप्पा
शनिवार को जिले के सभी एसडीओपी , थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बैंक शाखाओं और एटीएम केंद्रों पर दस्तक दी। पुलिस अधिकारियों ने न केवल सुरक्षा उपकरणों की जांच की, बल्कि बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक कर सुरक्षा प्रोटोकॉल पर चर्चा भी की।
15 बिंदुओं पर टिकी रही पुलिस की नजर
सुरक्षा ऑडिट के दौरान एक विशेष प्रोफार्मा के आधार पर सूक्ष्म जांच की गई। पुलिस का मुख्य फोकस इन बिंदुओं पर रहा सीसीटीवी नेटवर्क कैमरों की वर्किंग कंडीशन, रिकॉर्डिंग क्वालिटी और बैकअप की जांच।
हथियारबंद गार्ड सुरक्षा गार्डों की मुस्तैदी और उनके शस्त्र लाइसेंस का वेरिफिकेशन।
अलार्म सिस्टम इमरजेंसी सायरन और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था।
फायर सेफ्टी अग्निशमन यंत्रों की वैधता और उनकी स्थिति।
साइबर अवेयरनेस ग्राहकों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए लगाए गए सूचना बोर्ड।
मुख्यालय की टीम ने संभाली कमान
जिला मुख्यालय पर डीएसपी ललित बैरागी, रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी, निरीक्षक अरुण मरसकोले और सूबेदार लोहित सहित पुलिस लाइन के अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। टीमों ने कैश वैन के आने-जाने के समय के प्रोटोकॉल और पार्किंग एरिया की निगरानी व्यवस्था को भी बारीकी से परखा।
पुलिस प्रशासन, का कहना है कि जनता की गाढ़ी कमाई और बैंकिंग व्यवस्था की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर जिन बैंकों में कमियां मिलेंगी, उन्हें सुधार के लिए नोटिस दिया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले संस्थानों के उच्च प्रबंधन से पत्राचार कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अब होगी रिपोर्ट की समीक्षा
सभी टीमों द्वारा एकत्रित की गई जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय भेजी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इन रिपोर्टों की गहन समीक्षा की जाएगी। जिन बैंकों में सुरक्षा मानक अधूरे पाए जाएंगे, उन्हें एक निश्चित समय सीमा के भीतर सुधार करने के कड़े निर्देश जारी किए जाएंगे।
छिंदवाड़ा पुलिस ने आज जिले के सभी बैंकों का विस्तृत सुरक्षा परीक्षण किया ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और आमजन का विश्वास पुलिस व बैंकिंग प्रणाली पर बना रहे।
