मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और डीजीपी मकवाना ने भोपाल से किया वर्चुअली शुभारंभ
24 जून से 8 जुलाई तक जिले के शहरी व ग्रामीण अंचलों में चलेगा 15 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान
साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल, ‘गोल्डन आवर’ में बच सकता है आपका पैसा
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
वर्तमान डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से आम जनता को सुरक्षित रखने के लिए मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आज से विशेष अभियान “सेफ क्लिक 2.0 – 2026 का शंखनाद हो गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं डीजीपी कैलाश मकवाना द्वारा भोपाल से इस राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ किए जाने के बाद, छिन्दवाड़ा जिले में भी पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी से इसकी कमान संभाल ली है।
उपपुलिस महानिरीक्षक राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक अजय पांडे तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में आज 24 जून 2026 से इस बृहद अभियान के द्वितीय संस्करण का शुभारंभ किया गया। यह विशेष अभियान आगामी 08 जुलाई 2026 तक कुल 15 दिवस पूरे जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी रूप से चलाया जाएगा।
आमजन में ‘साइबर स्वच्छता’ विकसित करना मुख्य लक्ष्य
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को इंटरनेट, स्मार्टफोन और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के तरीकों के प्रति जागरूक करना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान परिदृश्य में बढ़ते साइबर फ्रॉड को देखते हुए आम नागरिकों में “साइबर स्वच्छता की संस्कृति को विकसित करना बेहद आवश्यक हो गया है, ताकि एक डिजिटल रूप से मजबूत और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सके।
स्कूलों से लेकर हाट-बाजारों तक दी जाएगी ट्रेनिंग
अभियान के दौरान छिन्दवाड़ा पुलिस आम जनता को ओटीपी फ्रॉड, सिम स्वैपिंग, सेक्सटॉर्शन, म्यूल अकाउंट्स, डिजिटल / होम अरेस्ट स्कैम, हैकिंग, फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी जॉब व लोन फ्रॉड, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड जैसी गंभीर कड़ियों की जानकारी देगी और उनसे बचने के तरीके सिखाएगी।
टीम तैयार, सूबेदार लोहित शेन्डे बने नोडल अधिकारी
जिला स्तर पर इस पूरे अभियान के सफल संचालन के लिए सूबेदार लोहित शेन्डे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस थाना स्तर पर दैनिक गतिविधियों का खुद निर्देशन करेंगे। जिले के स्कूलों, कॉलेजों, बैंक परिसरों, कोचिंग सेंटरों, हाट-बाजारों, शासकीय-अर्धशासकीय कार्यालयों और ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
छिन्दवाड़ा पुलिस की विशेष अपील
याद रखें ‘गोल्डन आवर’ का महत्व
छिन्दवाड़ा पुलिस ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अनजान नंबरों से आने वाले वीडियो कॉल्स, लॉटरी, तुरंत लोन देने वाले और पार्ट-टाइम जॉब के लुभावने ऑफर्स से पूरी तरह सतर्क रहें।
क्या है गोल्डन आवर? यदि कोई नागरिक किसी ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी (साइबर ठगी) का शिकार हो जाता है, तो घटना के तुरंत बाद का पहला घंटा ‘गोल्डन आवर’ कहलाता है।
तुरंत करें यह काम: इस समय के भीतर बिना घबराए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
फ्रीज हो जाएगा पैसा त्वरित सूचना मिलने पर ठगी गई राशि को अपराधियों के बैंक खातों में ही फ्रीज करा दिया जाता है, जिससे पीड़ित को उसकी पूरी रकम सुरक्षित वापस मिल सके।
