कलेक्टर ने प्रगणकों को दिलाई निष्ठा से कार्य करने की शपथ
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
जिले में 01 मई से जनगणना 2027 के प्रथम चरण की औपचारिक शुरुआत हो गई है। 01 से 30 मई 2026 तक जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकानों की गणना एवं मकानसूचीकरण का कार्य किया जाएगा। प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना कार्य में कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। शुभारम्भ कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम के जिला योजना कार्यालय के समीप पुराने पी.डबल्यू.डी रेस्ट हाउस परिसर में किया गया था।
इस अवसर पर कमिश्नर नगर निगम एवं प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी, नगर जनगणना अधिकारी, जिला जनगणना अधिकारी, जिला प्रभारी, जोनल चार्ज अधिकारी तथा छिंदवाड़ा ग्रामीण के चार्ज अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में सभी प्रगणक और पर्यवेक्षक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि जनगणना कार्य के लिए नगरीय क्षेत्र में सभी सीएमओ को और ग्रामीण क्षेत्र के लिए सभी तहसीलदारों को चार्ज अधिकारी बनाया गया है।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के शुभारम्भ अवसर पर कलेक्टर नारायन ने सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए उन्हें जनगणना कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से डेटा की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, तेज गर्मी को देखते हुए सभी को स्वास्थ्य का ध्यान रखने और सुरक्षित तरीके से कार्य करने की सलाह भी दी।
जिले में जनगणना की शुरुआत के साथ ही अब घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने का कार्य तेज़ी से शुरू होगा। कलेक्टर नारायन ने विश्वास जताया कि जिले के सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी समन्वय के साथ इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करेंगे। उन्होंने सभी को गुणवत्तापूर्ण जनगणना कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
