दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग। भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा की पावन रथयात्रा का भव्य आयोजन मंगलवार, 21 जुलाई को इस्कॉन बजाग के तत्वावधान में किया जाएगा। इस धार्मिक महोत्सव को लेकर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर निमंत्रण पत्रिकाएं वितरित की गई हैं तथा श्रद्धालुओं को सपरिवार रथयात्रा एवं महाप्रसाद में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे भानपुर मिडली तिराहा से भगवान की आरती एवं पूजन के साथ होगा। इसके बाद भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत सुबह 11:30 बजे भगवान श्रीजगन्नाथ का दिव्य रथ श्रद्धालुओं के जयघोष के बीच नगर भ्रमण के लिए रवाना होगा।
रथयात्रा में बैंड, गुदुम बाजा एवं डीजे की भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन करते हुए शामिल होंगे। लगभग तीन किलोमीटर लंबी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए चार स्थानों पर जलपान की व्यवस्था की गई है।
दोपहर लगभग 3 बजे रथयात्रा बस स्टैंड के समीप स्थित साईं मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान की महाआरती के पश्चात महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा में शामिल होकर भगवान श्रीजगन्नाथ के दर्शन एवं महाप्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।
रथयात्रा महोत्सव में नगर सहित दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस पावन अवसर पर संपूर्ण बजाग नगर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के रंग में सराबोर रहेगा तथा भगवान जगन्नाथ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान होगा
