06 पेटी अवैध देशी-विदेशी शराब जप्त, दो तस्कर गिरफ्तार
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायन के कड़े निर्देशों एवं सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य के कुशल मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। चौरई आबकारी अमले ने चांद क्षेत्र के ग्राम हिवरा में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब का जखीरा बरामद किया है।
नमकीन दुकान की आड़ में काला कारोबार
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने लालगांव-हिवरा मार्ग पर स्थित एक नमकीन एवं किराना दुकान पर अचानक छापा मारा। दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब को डंप कर रखा गया था। जब टीम ने दुकान की सघन तलाशी ली, तो वहां से कुल 06 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।
दो आरोपी दबोचे, गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज
कार्रवाई के दौरान मौके से पुलिस ने दो आरोपियों, रघुराज और अवधेश को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की गंभीर और गैर-जमानती धारा 34(1)क, 34(2) एवं 42 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई में शामिल जांबाज टीम
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने में सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश सिंघल, आबकारी आरक्षक राजकुमार यदुवंशी एवं महिला आरक्षक श्रीमती भारती मरकाम की मुख्य भूमिका रही। आबकारी विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
