सरवाही में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया प्रवेशोत्सव,

Revanchal
3 Min Read

शिक्षा की अलग जगाने समाज की भागीदारी अहम,

एसडीएम और जन प्रतिनिधि रहे मौजूद

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों का उत्साहपूर्वक स्वागत करने के उद्देश्य से आकांक्षी विकासखंड बजाग के पी एम श्री एकीकृत शासकीय हाई स्कूल, सरवाही में ‘प्रवेशोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। शासन के ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, फूल-माला पहनाकर और मिठाइयां बांटकर विद्यालय परिवार में स्वागत किया गया।

यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राम बाबू देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति और मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नीति आयोग के प्रतिनिधि डॉ. विकास जैन भी उपस्थित रहे । शिक्षा और स्वास्थ्य के संकेतकों को बेहतर बनाने पर प्रशासन और नीति आयोग का विशेष ध्यान है। डॉ. विकास जैन ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और अभिभावकों को अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती दुलारी मोगरे ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नए सत्र की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विश्वास दिलाया कि शिक्षकों की पूरी टीम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि सुकृत सिंह और सुकृत दास लोरिया ने भी अपने विचार साझा किए और ग्रामीण अंचल में शिक्षा की अलख जगाने के लिए समुदाय की भागीदारी पर जोर दिया। जनशिक्षक संजय सिंह ने प्रवेशोत्सव के सुचारू संचालन में अहम भूमिका निभाई।

इस उत्सव में गांव के जागरूक अभिभावकों और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने छोटे बच्चों को आंगनबाड़ी से निकालकर मुख्य स्कूली शिक्षा से जोड़ने के अपने प्रयासों को साझा किया। कार्यक्रम के अंत में एसडीएम ने कहा कि एक शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है।

उन्होंने प्रशासन की ओर से विद्यालय को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस आयोजन ने सरवाही क्षेत्र में शिक्षा के प्रति एक नया उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया है। कक्षा आठवीं में उच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरण किया गया एवं पुस्तक वितरण भी किया गया।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »