दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी- विकासखंड सिवनी अंतर्गत ग्राम खामखरेली (बंडोल) में मूलनिवासी परंपरागत जन जागृति समिति सिवनी के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय बड़ादेव पेनठाना स्थापना एवं कोयापुनेम कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु, युवा, मातृशक्ति एवं वरिष्ठजन शामिल हुए।
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान बड़ादेव पेनठाना स्थापना, पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की संस्कृति, परंपराओं एवं मूल्यों का संरक्षण तथा सामाजिक एकता को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के अंतिम दिवस 750 महात्यागी धन्वंतरी दादा मानसिंह इनवाती जी साजवा दरबार का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उन्होंने समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं और कोयापुनेम दर्शन के सिद्धांतों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संदेश दिया।
शाम को विशाल भोज-भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में गोंडी गीत गायक सुमन आंचलिक म्यूजिकल ग्रुप ने आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन भारत इनवाती ने किया। समापन अवसर पर ग्राम पंचायत खामखरेली के सरपंच महेश मर्सकोले ने सभी अतिथियों, सामाजिक बंधुओं, कलाकारों, समिति सदस्यों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ईश्वरदयाल वरकड़े, उमाप्रसाद इरपाचे, कलीराम भलावी, कृष्ण कुमार धुर्वे, बाबूलाल बट्टी, पवन धुर्वे, गयाप्रसाद कुमरे, एच.एल. उइके, डॉ. मानक सिंह कुशराम, बबलेश ठाकुर, रतन वरकड़े, नीलेश मर्सकोले सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
