
गांजा केस में फंसाने की धमकी देकर व्यापारी से 95 हजार की कथित वसूली
पन्ना। जिले के मड़ला थाना क्षेत्र से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। रीवा निवासी एक व्यापारी ने मड़ला थाना पुलिस पर गांजा तस्करी के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 95 हजार रुपए की अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। शिकायत पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए मड़ला थाना प्रभारी रचना पटेल सहित दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार रीवा निवासी व्यापारी मोहनलाल सोनी 14 मई 2026 को अपने एक मित्र से मिलने खजुराहो जा रहे थे। रास्ते में वे मड़ला क्षेत्र में रुके, जहां कुछ देर रुकने के बाद पेट्रोल पंप के पास अपनी बाइक खड़ी कर दी। आरोप है कि इसी दौरान मड़ला थाना के दो आरक्षक वहां पहुंचे और वाहन चेकिंग के नाम पर व्यापारी की बाइक की चाबी एवं मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया।
पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी बाइक की डिग्गी में एक छोटा बैग डालते हुए उस पर गांजा रखने का आरोप लगाया और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने की धमकी दी। व्यापारी को डराकर उससे एक लाख रुपए की मांग की गई। इस दौरान स्थानीय शराब ठेके का एक मैनेजर भी कथित रूप से मौके पर मौजूद था।
भयभीत व्यापारी ने खुद को बचाने के लिए अपने परिचितों से संपर्क किया और दो अलग-अलग खातों में 50 हजार तथा 45 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। कुल 95 हजार रुपए मिलने के बाद उसे छोड़ दिया गया। घटना से डरा व्यापारी रीवा लौट गया, लेकिन बाद में उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस अधीक्षक पन्ना को लिखित शिकायत सौंप दी।
सूत्रों के मुताबिक एसपी निवेदिता नायडू ने मामले की जांच एसडीओपी पन्ना एस.पी.एस. बघेल को सौंपी। प्राथमिक जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर मड़ला थाना प्रभारी रचना पटेल, आरक्षक रज्जाक खान एवं रामशरण को निलंबित कर दिया गया।
घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है। वहीं आमजन के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजरें विस्तृत जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
इस संबंध में डीआईजी छतरपुर रेंज विजय कुमार खत्री ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक जांच में तथ्य सामने आने पर संबंधित थाना प्रभारी एवं दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
