कोतवाली पुलिस की बड़ी कामयाबी: सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से हवाई पट्टी रोड पर दबोचे गए आरोपी
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
स्थानीय सिग्नेचर कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन सतपुड़ा लाइफ साइंस एंड रिसर्च सेंटर अस्पताल से कीमती बिजली फिटिंग के कॉपर वायर चोरी करने के सनसनीखेज मामले का कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। इस शानदार सफलता पर पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
ताला तोड़कर उड़ाए थे 22 बंडल कॉपर वायर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजेश सनोडिया ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 जून को दोपहर 12:30 से 1:00 बजे के बीच अस्पताल के उस कमरे का ताला तोड़ा गया जहां बिजली का सामान रखा था। चोरों ने वहां रखे हैवेल्स कंपनी के 4\टेक्स्ट एम एम के करीब 20-22 बंडल कॉपर वायर पार कर दिए थे। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 442/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता बी एन एस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सटीक सूचना से खुला राज
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं नगर पुलिस अधीक्षक अजय सिंह राणा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो अज्ञात संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने इन संदिग्धों के फोटो अपने मुखबिर तंत्र को सौंपे। 5 जून को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि फुटेज से मिलते-जुलते हुलिए के दो युवक हवाई पट्टी रोड पर ‘चाचा ढाबा’ के पास बिना नंबर की सफेद रंग की बर्गमैन स्कूटी के साथ संदिग्ध हालत में खड़े हैं।
घेराबंदी कर दबोचे आरोपी, कबूला जुर्म
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। जब उन्हें सीसीटीवी फुटेज दिखाए गए, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की पहचान सूरज भौसर 24 वर्ष निवासी खंजनपुर, बैतुल हाल मुल्ताई और आकाश उर्फ गोलू विश्वकर्मा 32 वर्ष निवासी नागपुर के रूप में हुई है।
बरामदगी भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के तहत आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए कॉपर वायर के कुल 17 बंडल दो बोरियों में बंद और वारदात में प्रयुक्त बर्गमैन स्कूटी कीमत लगभग 80,000 रुपये जब्त की है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम होगी पुरस्कृत
इस अंधे कत्ल जैसी रहस्यमयी चोरी का चंद घंटों में खुलासा करने में निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे, उपनिरीक्षक चेतन मर्सकोले, सहायक उपनिरीक्षक रवि मालवीय, प्रधान आरक्षक नितिन सिंह, आरक्षक विकास बैस, सागर डेहरिया, अमित तोमर, रामकुमार जाटव और साइबर सेल के आरक्षक आदित्य की अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा द्वारा पूरी टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
