बस स्टैंड बना ‘आग का ढेर’: ठेला व्यापारियों की लापरवाही से बड़े हादसे का खतरा

Revanchal
3 Min Read

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला पड़रिया उर्फ नारायणगंज ग्राम पंचायत क्षेत्र का बस स्टैंड इन दिनों लापरवाही और अव्यवस्था का केंद्र बनता जा रहा है। यहां हाथ ठेला व्यापारियों द्वारा खुलेआम कचरा फेंककर उसे जलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका गहरा गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस स्टैंड परिसर में व्यापारी दिनभर का कचरा एकत्रित कर सार्वजनिक स्थानों पर ही आग के हवाले कर देते हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर कचरा जलाया जा रहा है, उसके ठीक पास ही गैस सिलेंडर रखे होते हैं, जिनका उपयोग खाद्य सामग्री बनाने में किया जाता है। भीषण गर्मी और तेज हवाओं के बीच यह स्थिति किसी भी समय विस्फोट या आगजनी की बड़ी घटना को जन्म दे सकती है।
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने इस लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि कई बार इस मामले की शिकायत मौखिक रूप से की जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो ग्राम पंचायत ने कोई ठोस कदम उठाया है और न ही प्रशासन ने इस ओर गंभीरता दिखाई है। लोगों का साफ कहना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई, तो एक छोटी सी चिंगारी बड़े हादसे में बदल सकती है।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत द्वारा बस स्टैंड क्षेत्र में कचरा प्रबंधन के लिए कचरा पेटी की व्यवस्था की गई है, लेकिन ठेला व्यापारी उसका उपयोग करने के बजाय खुले में कचरा फेंककर आग लगा रहे हैं। इससे उठने वाला धुआं आसपास के दुकानदारों, यात्रियों और स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। धुएं और दुर्गंध से वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि बस स्टैंड जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान पर इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि दोषी व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और कचरा प्रबंधन के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
लोगों ने यह भी सुझाव दिया है कि बस स्टैंड परिसर में नियमित निगरानी के लिए कर्मचारी तैनात किए जाएं और जागरूकता अभियान चलाकर व्यापारियों को स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाया जाए। यदि अब भी प्रशासन नहीं चेता, तो यह लापरवाही कभी भी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है।

👁️ 4 views Views
Share This Article
Translate »