विश्व पर्यावरण दिवस 2026 पर रेलवे कॉलोनी व हॉस्पिटल पिपरिया में स्वच्छता जागरूकता अभियान आयोजित

Revanchal
9
2 Min Read


दैनिक रेवांचल टाइम्स – पिपरिया।
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर दिनांक 19 मई 2026 को रेलवे कॉलोनी एवं रेलवे हॉस्पिटल पिपरिया में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान रेल कर्मचारियों, उनके परिजनों एवं रेल आवासीयों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कचरे के पृथक्करण की जानकारी दी गई।

अभियान में गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आवश्यकता, उसके लाभ तथा घरेलू एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक निष्पादन की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। उपस्थित लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण बनाए रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।


इस दौरान सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील करते हुए कपड़े, जूट एवं पेपर से बने इको-फ्रेंडली थैलों के उपयोग के लिए जागरूक किया गया। रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे ने सिंगल प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्लास्टिक से जल में रहने वाले जीव-जंतुओं को नुकसान पहुंचता है, भूमि की उर्वरक क्षमता प्रभावित होती है तथा इसके जलने से वातावरण में प्रदूषण फैलता है।


उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि वृक्ष न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण को शुद्ध और संतुलित बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

Share This Article
Translate »