रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा के गाँगीवाड़ा क्षेत्र में मंगलवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना था।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
यात्रा छोटी हो या बड़ी, हेलमेट है जरूरी
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों ने नागरिकों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि
यात्रा चाहे छोटी हो या बड़ी, हेलमेट पहनना प्रत्येक दोपहिया वाहन चालक के लिए अनिवार्य और जीवन रक्षक है।
इसके साथ ही वाहन चालकों से तेज गति, लापरवाही और यातायात नियमों के उल्लंघन से बचने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक की तरह वाहन चलाने का आग्रह किया गया।
सामाजिक सहभागिता से बांटे 40 हेलमेट
जनजागरूकता अभियान के तहत सामाजिक सहभागिता की एक अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान सत्कार हीरो के संजीव जैन की ओर से 40 हेलमेट प्रदान किए गए, जिन्हें वाहन चालकों को वितरित किया गया। इस अभियान में एनजीओ की ओर से दीपक राज जैन ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।
ये रहे उपस्थित
यातायात सुरक्षा के इस बड़े अभियान में उप पुलिस अधीक्षक यातायात रामेश्वर चौबे, थाना प्रभारी यातायात राकेश तिवारी, सूबेदार लोहित शेंदे सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और दोपहिया वाहन चालक शामिल हुए। अंत में, सभी उपस्थित नागरिकों ने यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करने और नियमित रूप से हेलमेट का उपयोग करने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सड़क सुरक्षा के संदेश और सामूहिक अपील के साथ हुआ।
