दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला, जिले के बीजाडांडी में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को विकासखंड बीजाडांडी के दूरस्थ अंचलों में एकलव्य एवं ओरेकल के सहयोग से संचालित शिक्षा प्रोत्साहन केंद्रों एवं टेमिल केंद्रों में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को लेकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में बच्चों, युवाओं एवं समुदाय की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
आयोजन में कुल 560 बच्चों, 19 पालकों तथा 40 युवक-युवतियों ने सक्रिय सहभागिता की। सभी केंद्रों में प्रकृति, पर्यावरण एवं बदलते मौसम को लेकर संवाद, रचनात्मक गतिविधियों तथा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ “आज का बदलता मौसम और उसका हमारे जीवन पर प्रभाव” विषय पर विशेष चर्चा की गई। संवाद के दौरान अत्यधिक गर्मी, अनियमित वर्षा, जल संकट तथा घटते जंगलों जैसी समस्याओं पर सरल एवं रोचक तरीके से विचार-विमर्श हुआ। बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मौसम में हो रहे बदलावों का प्रभाव खेती, पशु-पक्षियों तथा दैनिक जीवन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
पर्यावरण संरक्षण विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने पेड़-पौधों, नदियों, जंगलों, स्वच्छ धरती एवं हरित भविष्य से जुड़े आकर्षक चित्र बनाकर प्रकृति के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वहीं स्लोगन लेखन गतिविधि में बच्चों ने “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, “धरती माँ का मान करो, पर्यावरण का सम्मान करो” तथा “हरियाली है जीवन की पहचान” जैसे प्रेरणादायक संदेश लिखे।
कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें बच्चों एवं युवाओं ने हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर गांवों में भ्रमण किया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान लगाए गए नारों से पूरे गांव में पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।
गीत गायन गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने प्रकृति, हरियाली एवं जल संरक्षण पर आधारित प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किए। सामूहिक गीतों एवं अन्य गतिविधियों के जरिए बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, जिम्मेदारी एवं सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एकलव्य टीम के साथी नेहा, शिवप्रसाद, सुरेश, अभिलाष एवं सूरज विभिन्न केंद्रों में उपस्थित रहे तथा बच्चों एवं युवाओं के साथ सक्रिय सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
