दिवंगत पंचायत सचिव लक्षु मार्को के परिवार को ब्लॉक सचिव संघ ने दी आर्थिक सहायता

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – जनपद पंचायत बजाग अंतर्गत ग्राम पंचायत किकरातालाब में पदस्थ पंचायत सचिव लक्षु मार्को का निधन उनके गृह ग्राम सारंगपुर आमाटोला में हो गया। वे पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से अस्वस्थ चल रहे थे। 31 मई की मध्यरात्रि उनके निधन की खबर से परिजनों सहित पंचायत विभाग में शोक की लहर फैल गई।


दिवंगत सचिव के निधन के उपरांत विकासखंड सचिव संघ ने संवेदनशील पहल करते हुए उनके निवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। सचिव संघ की ओर से दुर्गेश श्याम, रमेश मानिकपुरी, जगत श्याम एवं घनश्याम परस्ते ने परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा संघ की ओर से सहयोग राशि सौंपी।


इस अवसर पर सचिवों ने दिवंगत लक्षु मार्को के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने जनपद क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में लगभग 30 वर्षों तक निष्ठापूर्वक सेवाएं प्रदान कीं। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि पंचायत विभाग को भी अपूरणीय क्षति हुई है।
सचिव संघ के पदाधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सभी पंचायत सचिवों के सामूहिक योगदान से यह सहायता राशि प्रदान की गई। दिवंगत सचिव के परिवार में उनकी पत्नी सहित एक पुत्र और एक पुत्री भी है
गौरतलब है कि विकासखंड सचिव संघ इससे पूर्व भी मानवीय संवेदनाओं का परिचय दे चुका है।

हाल ही में गाड़ासरई में पदस्थ तथा बजाग निवासी सचिव उमेश साहू के आकस्मिक निधन के बाद भी संघ द्वारा उनके परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। सचिव संघ के इस सेवा एवं सहयोग भाव की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है। लोगों ने इसे कर्मचारियों के बीच एकता, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।

👁️ 82 views Views
Share This Article
Translate »