जनकल्याण शिविर में पहुंचे विधायक ओमकार मरकाम, अधिकारियों को दिए हितग्राहियों तक वास्तविक लाभ पहुंचाने के निर्देश

Revanchal
4 Min Read


बजाग। आकांक्षी विकासखंड बजाग में आयोजित जनकल्याणकारी शिविर के प्रथम दिवस विधायक ओमकार मरकाम ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक हितग्राही की समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित न रखा जाए।


शिविर में बड़ी संख्या में पहुंची ग्रामीण महिलाओं से विधायक ने संवाद किया। कई महिलाओं ने बताया कि वे स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हैं और उन्हें बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया गया है, जबकि कुछ महिलाओं ने बकरी एवं मुर्गी पालन जैसी योजनाओं के लिए आवेदन जमा करने की बात कही। इस पर विधायक मरकाम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिस भी उद्देश्य से लोगों को शिविर तक लाया गया है, उन्हें एक माह के भीतर संबंधित योजनाओं का लाभ अवश्य मिलना चाहिए।


विधायक ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के पंजीयन एवं सेवा काउंटरों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय शिविर का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर के दौरान अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित कर इसे जनहित का प्रभावी अभियान बनाया जाए।


एक ही स्थान पर मिलीं सभी विभागों की सेवाएं
शिविर में राजस्व, पंचायत, कृषि, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। यहां आयुष्मान कार्ड, पेंशन स्वीकृति, किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना, आधार अपडेट, जाति एवं आय प्रमाण-पत्र, बिजली बिल सुधार सहित अनेक सेवाओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।


पहले ही दिन 386 आवेदनों का हुआ निराकरण
शिविर के प्रथम दिवस विभिन्न विभागों को प्राप्त सभी 386 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इनमें जनपद पंचायत के 186, स्वास्थ्य विभाग के 65, जनजातीय कार्य विभाग के 59, आजीविका मिशन के 30, खाद्य विभाग के 19, राजस्व विभाग के 11, महिला एवं बाल विकास विभाग के 10, उद्यान विभाग के 4 तथा पीएचई विभाग के 2 आवेदन शामिल रहे। प्रशासन के अनुसार सभी आवेदन पात्र पाए गए और उनका निराकरण कर दिया गया।


हजारों हितग्राहियों की रही सहभागिता
शिविर के पहले दिन ही हजारों की संख्या में ग्रामीण और हितग्राही पहुंचे। लोगों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने पर संतोष व्यक्त किया। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सचिन अग्रवाल ने बताया कि आकांक्षी विकासखंड बजाग के समग्र विकास के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है और तीन दिन तक चलने वाले इस शिविर में अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पहले जनपद अध्यक्ष फूलकली मरावी, और उपाध्यक्ष राधे श्याम कुशराम ने कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।


इस अवसर पर जनपद सदस्य लोकेश पटेरिया, तहसीलदार भरत सिंह वट्टी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी अमोल मरावी, बीआरसी ब्रजभान गौतम, जल संसाधन विभाग के सहायक यंत्री अहिरवार, खण्ड चिकित्सा अधिकारी चंद्रशेखर धुर्वे, महिला बाल विकास से पुष्पलता मरावी, तथा आजीविका मिशन के मनोज पांडे सहित सभी पंचायतों के सचिव, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


उल्लेखनीय है कि जनकल्याणकारी शिविर 17 जून तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन को उपलब्ध कराया जा रहा है।

👁️ 20 views Views
Share This Article
Translate »