मान्यता का झांसा देकर लाखों ऐंठे, न एनरोलमेंट हुआ ना परीक्षा

Revanchal
3 Min Read

छिंदवाड़ा के एसएके नर्सिंग कॉलेज में छात्रों के भविष्य से खिलवाड़, थाने पहुंचा मामला

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा

बिना मान्यता के दाखिला दिया, लाखों रुपये फीस ऐंठ ली और चार साल तक परीक्षा के नाम पर टालमटोल करते रहे… यह दर्दनाक कहानी है छिंदवाड़ा स्थित एसएके मेमोरियल इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग साइंस के दर्जनों छात्र-छात्राओं की। कॉलेज प्रबंधन की इस कथित धोखाधड़ी और लापरवाही ने कई होनहारों के चार साल और उनका करियर दांव पर लगा दिया है। न्याय की गुहार लेकर आक्रोशित छात्रों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया और कोतवाली थाने पहुंचकर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मान्यता ‘शून्य’, फिर भी वसूली 7.5 लाख से ज्यादा फीस
​छात्रों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के अनुसार, सत्र 2022-23 में कॉलेज के पास नर्सिंग काउंसिल की शैक्षणिक मान्यता ही नहीं थी। इसके बावजूद संस्थान के डायरेक्टर रिजवान खान और कॉलेज प्रबंधन ने फर्जी तरीके से छात्रों के एडमिशन ले लिए।
​इतना ही नहीं, एडमिशन के नाम पर अलग-अलग छात्रों से 7.5 लाख रुपये से अधिक की भारी-भरकम फीस वसूल ली गई और उनके मूल शैक्षणिक दस्तावेज भी जमा करवा लिए गए। छात्रों को लगातार झूठा दिलासा दिया जाता रहा कि सभी औपचारिकताएं पूरी हैं और परीक्षाएं समय पर होंगी।

50 दिन में स्पेशल परीक्षा का दिया झांसा, बर्बाद किए 4 साल
​छात्रों ने बताया कि जब वर्ष 2025 में प्रदेश के अन्य सभी नर्सिंग कॉलेजों में परीक्षाएं आयोजित हो गईं और उनका एनरोलमेंट तक नहीं हुआ, तब उन्हें कॉलेज के फर्जीवाड़े का पता चला।
​विरोध करने पर प्रबंधन ने 50 दिनों के भीतर “स्पेशल परीक्षा” कराने का लुभावना आश्वासन देकर मामला दबाने की कोशिश की। लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी कोई परीक्षा नहीं कराई गई। छात्रों का कहना है कि टालमटोल के इस खेल में उनके जीवन के चार कीमती साल बर्बाद हो चुके हैं।

अस्पताल पर प्रदर्शन के बाद कोतवाली थाने में शिकायत
​कॉलेज प्रबंधन के रवैये से नाराज छात्रों ने पहले संबद्ध ‘लाइफ केयर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल’ के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी पीड़ित छात्र कोतवाली थाने पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की मांग की। छात्रों ने आरोपियों पर धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज करने, फीस वापसी और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की गुहार लगाई है।


​मामले की जांच जारी, होगी सख्त कार्रवाई
छात्रों की ओर से शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। प्राथमिक साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आशीष कुमार, थाना प्रभारी कोतवाली, छिंदवाड़ा

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »