पिपरिया रेलवे स्टेशन पर ऑरेंज मिलिट्री रेलवे कर्मचारियों को फर्स्ट एड एवं स्वास्थ्य शिक्षा का प्रशिक्षण

Revanchal
3 Min Read


दैनिक रेवांचल टाइम्स पिपरिया। 31 जुलाई 2026 को पिपरिया रेलवे स्टेशन पर ऑरेंज मिलिट्री रेलवे के कर्मचारियों के लिए फर्स्ट एड (प्राथमिक उपचार) एवं स्वास्थ्य शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे द्वारा प्रदान किया गया, जिसमें कर्मचारियों को कार्यस्थल पर होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई।


प्रशिक्षण के दौरान डॉ. कुर्रे ने सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की सही विधि का प्रदर्शन करते हुए बताया कि किसी व्यक्ति की सांस या हृदय गति रुकने की स्थिति में समय पर दिया गया सीपीआर उसकी जान बचा सकता है। इसके अलावा विद्युत करंट लगने, आग से जलने, पानी में डूबने, मिर्गी के दौरे तथा सर्पदंश जैसी आपात स्थितियों में अपनाए जाने वाले प्राथमिक उपचार एवं सावधानियों की जानकारी भी दी गई।


रेलवे ट्रैक पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को विशेष रूप से सुरक्षा संबंधी निर्देश देते हुए बताया गया कि ट्रैक में उपयोग होने वाली लोहे की रॉड (जिसे स्थानीय भाषा में पहाड़ी भी कहा जाता है) को कभी भी सीधा खड़ा नहीं रखना चाहिए। इसे हमेशा नीचे रखकर ले जाना चाहिए, ताकि ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन के करंट से दुर्घटना की संभावना न रहे।


सर्पदंश से बचाव के लिए कर्मचारियों को ट्रैक पर कार्य करते समय गमबूट पहनने की सलाह दी गई। डॉ. कुर्रे ने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले या किसी को मिर्गी का दौरा पड़े, तो किसी भी प्रकार के झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा नहीं लेना चाहिए। ऐसे मामलों में मरीज को शांत रखें, उसका मनोबल बनाए रखें तथा तत्काल निकटतम अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि सर्पदंश के मामलों में समय पर एंटी स्नेक वेनम (ASV) इंजेक्शन दिए जाने से मरीज का प्रभावी उपचार संभव है।


स्वास्थ्य शिक्षा सत्र में डॉ. कुर्रे ने कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि घर से निकलते समय हल्का एवं संतुलित भोजन करें, प्रतिदिन कम से कम एक मौसमी फल का सेवन करें, अत्यधिक भारी भोजन से बचें तथा नियमित रूप से योग एवं व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। साथ ही जंक फूड, शराब एवं अन्य नशे से दूर रहने, पर्याप्त नींद लेने और मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. आर.आर. कुर्रे ने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही सुरक्षित एवं बेहतर रेलवे संचालन की आधारशिला हैं। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए अपने स्वास्थ्य के प्रति भी समान रूप से सजग रहना चाहिए।

👁️ 17 views Views
Share This Article
Translate »