बोरवेल के गड्ढे में लगी मोटर सुधारने उतरे किसान पिता-पुत्र की मौतपहले बेटा हुआ बेहोश, बचाने उतरा पिता भी नहीं लौटा; नारायणपुरा गांव में पसरा मातम

Revanchal
3 Min Read

रेवांचल टाइम्स पवई। थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुरा में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में किसान पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों खेत में बने बोरवेल के गड्ढे में लगी सिंचाई मोटर को सुधारने के लिए नीचे उतरे थे। कुछ ही देर बाद दोनों बेहोश हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार नारायणपुरा निवासी उजागर लाल वर्मन (55) पिता वारी लाल वर्मन अपने पुत्र अटिल वर्मन (30) पिता उजागर लाल वर्मन के साथ मुटलन हार स्थित खेत पर पहुंचे थे। खेत में सिंचाई के लिए बने बोरवेल के गड्ढे में मोटर लगी हुई थी। मोटर में खराबी आने पर उसे सुधारने के लिए सबसे पहले अटिल वर्मन गड्ढे में उतरा। कुछ देर बाद वह अंदर ही बेहोश हो गया।


बेटे को बचाने और बाहर निकालने के लिए पिता उजागर लाल भी बोरवेल के गड्ढे में उतर गए। लेकिन कुछ ही देर बाद वह भी बेहोश हो गए। काफी देर तक दोनों के बाहर नहीं आने पर परिजनों और ग्रामीणों को संदेह हुआ। मौके पर पहुंचने पर दोनों पिता-पुत्र गड्ढे में अचेत अवस्था में पड़े मिले।
ग्रामीणों ने तत्काल डायल-100 को सूचना दी। सूचना मिलने पर प्रधान आरक्षक महेश चौहान पायलट के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकलवाया गया। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।


करंट या दम घुटने से मौत? जांच के बाद होगा खुलासा
परिजनों ने आशंका जताई है कि बोरवेल के गड्ढे में लगी मोटर में करंट आने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बोरवेल में करंट था या ऑक्सीजन की कमी अथवा किसी अन्य कारण से पिता-पुत्र बेहोश हुए, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
एक ही परिवार के पिता-पुत्र की एक साथ मौत की खबर से नारायणपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

👁️ 80 views Views
Share This Article
Translate »