आस्था की डगर पर निकले श्रद्धालु, “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजा पवई नगर

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स संवाददाता, पवई (पन्ना)
पवई। श्रद्धा, विश्वास और भक्ति के भावों के साथ पवई नगर से श्रद्धालुओं का एक जत्था देवभूमि उत्तराखंड स्थित चारधाम यात्रा के लिए रवाना हुआ। यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ एवं बद्रीनाथ धाम की पवित्र यात्रा पर निकल रहे श्रद्धालुओं को नगरवासियों ने पूरे उत्साह और सम्मान के साथ भावभीनी विदाई दी। इस दौरान “हर-हर महादेव”, “जय बाबा केदार” और “जय बद्रीविशाल” के जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।


चारधाम यात्रा पर रवाना होने वालों में नगर के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित नागरिक अजय श्रीवास्तव अपनी पत्नी भारती श्रीवास्तव एवं परिवार सहित शामिल रहे। वहीं वरिष्ठ पत्रकार उमाकांत त्रिपाठी अपनी धर्मपत्नी प्रभा त्रिपाठी के साथ यात्रा के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं के दल में प्रदीप श्रीवास्तव ‘लल्लू’ सहित अन्य धर्मप्रेमी नागरिक भी शामिल रहे।


यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर एवं पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। नगरवासियों ने सभी यात्रियों की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा। श्रद्धालुओं ने भी चारों धामों में पहुंचकर नगर एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा शांति के लिए प्रार्थना करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के पत्रकार साथियों सहित पवई नगर के अन्य पत्रकारों ने भी वरिष्ठ पत्रकार उमाकांत त्रिपाठी को भावभीनी विदाई दी। सभी पत्रकारों ने उनकी यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संपन्न होने की शुभकामनाएं देते हुए बाबा केदार और बद्रीविशाल से आशीर्वाद की कामना की।


चारधाम यात्रा को सनातन परंपरा में विशेष आध्यात्मिक महत्व प्राप्त है। ऐसे में नगर के प्रतिष्ठित नागरिकों का इस धार्मिक यात्रा पर जाना लोगों के बीच आस्था, धार्मिक संस्कारों और आध्यात्मिक चेतना के प्रति गहरे जुड़ाव को दर्शाता है। विदाई के दौरान उपस्थित लोगों ने इसे पुण्य एवं सौभाग्य का अवसर बताते हुए सभी श्रद्धालुओं के सकुशल लौटने की कामना की।
भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत इस अवसर ने एक बार फिर पवई नगर की धार्मिक संस्कृति, सामाजिक एकजुटता और पारस्परिक सौहार्द की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »