खेत से लौटते समय बाढ़ की चपेट में आया किसान, जामुन के पेड़ में फंसी मिली लाश

Revanchal
2 Min Read


रेवांचल टाइम्स मंडला – तहसील मुख्यालय घुघरी के ग्राम पंचायत परसवाह निवासी मंगल सिंह (45 वर्ष), पिता भारत सिंह की बारिश के दौरान आई बाढ़ में बह जाने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मंगल सिंह मंगलवार शाम अपने खेत गए थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने जब मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका फोन बंद मिला। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में खेत और आसपास के क्षेत्र में पहुंचे।


बताया जा रहा है कि खेत के पास स्थित घुटकों नदी में लगातार बारिश के कारण तेज बाढ़ आई हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि नदी पार करते समय मंगल सिंह तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। तलाश के दौरान नाले के आगे झाड़ियों के बीच एक जामुन के पेड़ में उनका शव फंसा हुआ मिला, जिसे देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।


घटना की सूचना तत्काल सलवाह चौकी प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे बाढ़ के तेज बहाव में बहने से हुई मौत मानकर जांच कर रही है। वहीं लगातार हो रही बारिश और उफनती नदियों-नालों के बीच प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनती नदियों को पार न करने की अपील की है।

👁️ 176 views Views
Share This Article
Translate »