रानी अवंती बाई प्रतिमा स्थल पर पसरी गंदगी, समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी

Revanchal
8
3 Min Read

​प्रशासन को सौंपा ज्ञापन मूत्रालय हटाने और ‘नो वेंडिंग जोन’ घोषित करने की मांग

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा

चौरई नगर के गौरव का प्रतीक वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा स्थल वर्तमान में अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। प्रतिमा के आसपास बढ़ते अतिक्रमण और वहां स्थित मूत्रालय से फैल रही गंदगी को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं समाज के प्रतिनिधियों में गहरा रोष व्याप्त है। इस संबंध में मंगलवार को महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को सौंपा गया।

​प्रतिमा के सम्मान से खिलवाड़ का आरोप
​ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि प्रतिमा स्थल के ठीक समीप स्थित मूत्रालय न केवल दुर्गंध का केंद्र बन गया है, बल्कि यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी लगा रहता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पवित्र पीपल वृक्ष और वीरांगना की प्रतिमा के पास शराब की खाली बोतलें और अन्य दूषित सामग्रियां फेंकी जा रही हैं, जो सीधे तौर पर जन-भावनाओं और महापुरुषों के सम्मान को ठेस पहुँचाने वाला कृत्य है।

​सुरक्षा और दृश्यता पर संकट
​क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि,​अतिक्रमण प्रतिमा के सामने अनियंत्रित रूप से ठेले और दुकानें लगने से प्रतिमा की दृश्यता पूरी तरह समाप्त हो गई है।
​दुर्घटना का भय समीप ही स्कूल होने के कारण यहां बच्चों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे अनियंत्रित भीड़ की वजह से किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।

​प्रमुख मांगें
​प्रतिमा स्थल को तत्काल ‘नो वेंडिंग जोन’ घोषित किया जाए।
​परिसर में स्थित मूत्रालय को अविलंब अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।
​स्थल का सौंदर्याकरण कर इसकी गरिमा बहाल की जाए।

प्रतिनिधि मंडल, चौरई ने कहा है कि,​वीरांगना रानी अवंती बाई हमारे स्वाभिमान का प्रतीक हैं। प्रतिमा स्थल पर व्याप्त अनैतिक गतिविधियां और गंदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण और गंदगी को नहीं हटाया, तो समाज लोकतांत्रिक तरीके से उग्र प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा।

​प्रशासन ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है, अब देखना यह है कि इस ऐतिहासिक धरोहर को उसका खोया हुआ सम्मान कब तक मिलता है।

Share This Article
Translate »